हरिद्वार। मुरादाबाद-सहारनपुर रेल मार्ग पर रायसी स्टेशन के पास लूप लाइन के कमीशनिंग कार्य के चलते 25 से 29 सितंबर 2026 के बीच रेल यातायात प्रभावित रहेगा। रेलवे की ओर से अलग-अलग चरणों में ट्रैफिक और पावर ब्लॉक लिया जाएगा। इसके चलते उत्तराखंड से आने-जाने वाली कई ट्रेनों को रद्द करने, देरी से चलाने और परिवर्तित मार्ग से संचालित करने का निर्णय लिया गया है।
ये ट्रेनें रहेंगी रद्द
रेलवे की सूचना के अनुसार ट्रेन संख्या 54463 चंदौसी-ऋषिकेश 26 से 29 सितंबर तक रद्द रहेगी। वहीं 54464 ऋषिकेश-चंदौसी 25 से 28 सितंबर तक रद्द रहेगी।
इसके अलावा 14229 प्रयागराज-योगनगरी ऋषिकेश 27 सितंबर और 14230 योगनगरी ऋषिकेश-प्रयागराज 28 सितंबर को रद्द रहेगी।
कई ट्रेनें देरी से चलेंगी
लाइन के कार्य के कारण कई ट्रेनों के निर्धारित समय में भी बदलाव किया गया है। इनमें 22546 देहरादून-लखनऊ और 14114 देहरादून-सूबेदारगंज 29 सितंबर को 60 मिनट की देरी से चलेंगी।
13037 हावड़ा-देहरादून 28 सितंबर को 120 मिनट की देरी से रवाना होगी। 15211 दरभंगा-अमृतसर 25 और 26 सितंबर को 120 मिनट की देरी से चलेगी। 14603 नरपतगंज-अमृतसर 25 सितंबर और 22317 सियालदह-जम्मूतवी 28 सितंबर को भी 120 मिनट की देरी से चलेंगी।
इन ट्रेनों के बदले जाएंगे रूट
22355 पटना-चंडीगढ़ 27 सितंबर को परिवर्तित मार्ग से चलेगी और रुड़की में इसका ठहराव नहीं होगा।
14618 अमृतसर-पूर्णिया कोर्ट और 12318 अमृतसर-कोलकाता 29 सितंबर को परिवर्तित मार्ग से चलेंगी। इन ट्रेनों का क्रमश: लक्सर, नजीबाबाद, स्योहारा और नजीबाबाद में ठहराव नहीं होगा।
13037 हावड़ा-देहरादून 26 और 27 सितंबर तथा 13035 हावड़ा-देहरादून 25 सितंबर को भी परिवर्तित मार्ग से संचालित होंगी।
यात्रा से पहले ट्रेन की स्थिति जांचें
रेलवे के वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक महेश यादव के अनुसार, कार्य के दौरान यात्रियों की सुविधा और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए ट्रेनों के संचालन में बदलाव किया गया है। यात्रियों को सलाह दी गई है कि 25 से 29 सितंबर के बीच यात्रा करने से पहले अपनी ट्रेन के समय, रद्दीकरण, देरी और परिवर्तित मार्ग की जानकारी जरूर जांच लें।