देहरादून। उत्तराखंड के अंतरराष्ट्रीय और राष्ट्रीय स्तर के पदक विजेता खिलाड़ियों के लिए बड़ी खबर है। खेल नीति-2021 के तहत पदक विजेता खिलाड़ियों को आउट ऑफ टर्न नियुक्ति देने के संबंध में शासनादेश जारी कर दिया गया है। इसके तहत प्रदेश के 243 पदक विजेता खिलाड़ियों को विभिन्न विभागों में राजपत्रित और अराजपत्रित पदों पर नियुक्ति दी जाएगी।
34 स्वर्ण, 115 रजत और 94 कांस्य पदक विजेता
नियुक्ति पाने वाले 243 खिलाड़ियों में 34 स्वर्ण, 115 रजत और 94 कांस्य पदक विजेता शामिल हैं। इन खिलाड़ियों को खेल एवं युवा कल्याण, गृह, परिवहन, वन और शिक्षा समेत विभिन्न विभागों में समायोजित किया जाएगा।
खेल विभाग की वेबसाइट पर भी खेल नीति-2021 के तहत अंतरराष्ट्रीय और राष्ट्रीय खेलों में पदक विजेता खिलाड़ियों को राजपत्रित एवं अराजपत्रित पदों पर आउट ऑफ टर्न सेवायोजन से संबंधित शासनादेश उपलब्ध है।
रेखा आर्या ने खिलाड़ियों को दी बधाई
खेल एवं युवा कल्याण मंत्री रेखा आर्या ने इस निर्णय पर खिलाड़ियों और खेल प्रेमियों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार खिलाड़ियों के हित में लगातार फैसले ले रही है। उनके मुताबिक आउट ऑफ टर्न नियुक्ति से प्रतिभावान खिलाड़ियों को खेल के साथ रोजगार और भविष्य को सुरक्षित करने का अवसर मिलेगा। खेल मंत्री ने कहा कि सरकार का उद्देश्य प्रदेश के खिलाड़ियों को बेहतर खेल सुविधाएं और रोजगार के अवसर उपलब्ध कराना है, ताकि खिलाड़ी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रदेश और देश का प्रतिनिधित्व करने के साथ अपने भविष्य को भी सुरक्षित कर सकें। रेखा आर्या ने इस निर्णय के लिए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का आभार भी जताया।