26-27 सितंबर को रेड अलर्ट, चारधाम यात्रियों के लिए प्रशासन ने जारी किए निर्देश

26-27 सितंबर को रेड अलर्ट, चारधाम यात्रियों के लिए प्रशासन ने जारी किए निर्देश

देहरादून। उत्तराखंड में 26 और 27 सितंबर को मौसम विभाग ने गढ़वाल मंडल के कई क्षेत्रों में भारी बारिश को लेकर ऑरेंज और रेड अलर्ट जारी किया है। चारधाम यात्रा के बीच मौसम की चेतावनी को देखते हुए प्रशासन ने यात्रियों की सुरक्षा के लिए विशेष तैयारियां की हैं। फिलहाल मौसम और यात्रा मार्गों की स्थिति की समीक्षा के बाद चारधाम यात्रा स्थगित नहीं करने का निर्णय लिया गया है।
गढ़वाल मंडल के आयुक्त आनंद स्वरूप ने सभी जिलाधिकारियों से मौसम की स्थिति और चारधाम यात्रा मार्गों की जानकारी ली। जिलों से मिले फीडबैक और स्थानीय परिस्थितियों की समीक्षा के बाद तय किया गया कि यात्रा को पूरी तरह रोकने के बजाय परिस्थितियों के अनुसार मौके पर निर्णय लिया जाएगा।

प्रशासन के अनुसार, यदि किसी यात्रा मार्ग पर भारी बारिश होती है या सड़क और मौसम की स्थिति यात्रियों के लिए सुरक्षित नहीं रहती है, तो उन्हें आगे जाने की अनुमति नहीं दी जाएगी। ऐसे यात्रियों को नजदीकी होल्डिंग एरिया में रोका जाएगा। मौसम सामान्य होने और मार्ग सुरक्षित पाए जाने के बाद ही यात्रियों को आगे भेजा जाएगा।

आयुक्त गढ़वाल आनंद स्वरूप ने बताया कि चारधाम यात्रा मार्गों पर मौसम और सड़कों की स्थिति की लगातार निगरानी की जा रही है। जिला प्रशासन, पुलिस और संबंधित विभागों को यात्रियों की सुरक्षा के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं तैयार रखने के निर्देश दिए गए हैं।

प्रशासन ने चारधाम यात्रियों से मौसम की स्थिति को ध्यान में रखते हुए यात्रा करने की अपील की है। यात्रियों से स्थानीय प्रशासन की ओर से जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने और खराब मौसम के दौरान सुरक्षा संबंधी निर्णयों में सहयोग करने को कहा गया है।
प्रशासन का कहना है कि यात्रा रोकने का निर्णय परिस्थितियों के आधार पर लिया जाएगा। यात्रियों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए मौसम, सड़क और स्थानीय हालात की लगातार समीक्षा की जाएगी।