देहरादून। उत्तराखंड में भारी बारिश के रेड अलर्ट को देखते हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने अधिकारियों को 24 घंटे अलर्ट मोड पर रहने के निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री ने सचिव आपदा प्रबंधन विनोद कुमार सुमन से वार्ता कर संवेदनशील क्षेत्रों में लगातार निगरानी रखने और किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए राहत एवं बचाव कार्यों की तैयारियां पूरी रखने को कहा है।
मुख्यमंत्री ने संबंधित जिलों और विभागों को आवश्यक एहतियाती कदम उठाने के निर्देश दिए। उन्होंने जिला आपातकालीन संचालन केंद्रों को सक्रिय रखने और मौसम विभाग की चेतावनियों को तत्काल स्थानीय स्तर तक पहुंचाने को कहा है। अधिकारियों को संभावित आपदा की स्थिति में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए हैं।
चार जिलों में रेड अलर्ट
मौसम विज्ञान केंद्र देहरादून की ओर से जारी चेतावनी के अनुसार देहरादून, टिहरी, हरिद्वार और पौड़ी जिलों में रेड अलर्ट जारी किया गया है। इन क्षेत्रों में कुछ स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश और कहीं-कहीं अत्यंत भारी वर्षा होने की संभावना जताई गई है।
इसके अलावा राज्य के नौ अन्य जिलों में गर्जन, आकाशीय बिजली और तेज हवाओं के साथ येलो अलर्ट जारी किया गया है। कुछ क्षेत्रों में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से झोंकेदार हवाएं चलने की संभावना भी बताई गई है।
नदी-नालों और संवेदनशील क्षेत्रों से दूर रहने की अपील
जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने लोगों से खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने की अपील की है। उन्होंने लोगों से अनावश्यक रूप से नदी-नालों और अन्य संवेदनशील क्षेत्रों की ओर नहीं जाने को कहा है। संबंधित अधिकारियों को आपदा प्रबंधन सेवाओं को पूरी तरह तैयार रखने और किसी भी आपात स्थिति में त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।
हरिद्वार में किसी भी आपदा या आपात स्थिति की सूचना जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र को 01334-223999, 1077 (टोल फ्री), 7055258800 और 9528250926 पर दी जा सकती है। प्रशासन ने अधिकारियों से मौसम और आपदा संबंधी सूचनाएं समय पर नियंत्रण केंद्र तक पहुंचाने को कहा है, ताकि जरूरत पड़ने पर तत्काल सहायता उपलब्ध कराई जा सके।