उत्तराखंड में बाल वीरता पुरस्कार के लिए आवेदन शुरू, 10 अक्टूबर तक कर सकते हैं आवेदन

उत्तराखंड में बाल वीरता पुरस्कार के लिए आवेदन शुरू, 10 अक्टूबर तक कर सकते हैं आवेदन

देहरादून: अदम्य साहस और वीरता का प्रदर्शन करने वाले बच्चों को राज्य बाल वीरता पुरस्कार से सम्मानित किया जाएगा। इसके लिए महिला सशक्तीकरण एवं बाल विकास विभाग ने आवेदन मांगे हैं। विभाग के निदेशक बंशी लाल राणा के मुताबिक इच्छुक पात्र बच्चे 10 अक्टूबर तक आवेदन कर सकते हैं।

कौन कर सकता है आवेदन?
पुरस्कार के लिए आवेदक का उत्तराखंड का मूल या स्थायी निवासी होना जरूरी है। वीरता का कार्य करने के समय बच्चे की आयु 6 वर्ष से अधिक और 18 वर्ष से कम होनी चाहिए।
इसके अलावा वीरता या साहस का कार्य आवेदन प्राप्त करने की अंतिम तिथि से पहले अधिकतम दो साल के भीतर किया गया होना चाहिए।

एक घटना के लिए एक बार मिलेगा पुरस्कार
विभाग के अनुसार एक ही घटना या एक ही कार्य के लिए किसी बच्चे को एक से अधिक बार राज्य बाल वीरता पुरस्कार नहीं दिया जाएगा।
यदि किसी घटना में वीरता दिखाने वाले बच्चे की मृत्यु हो जाती है तो यह पुरस्कार उसके माता या पिता को प्रदान किया जाएगा।
महिला सशक्तीकरण एवं बाल विकास विभाग ने पात्र बच्चों से निर्धारित समय सीमा के भीतर आवेदन करने का आह्वान किया है।