देहरादून। दिल्ली में चल रहे प्रदर्शनों के बीच देहरादून से दिल्ली जाने वाले यात्रियों के लिए राहत की खबर है। उत्तराखंड परिवहन निगम ने बसों का संचालन देहरादून-दिल्ली एक्सप्रेसवे के माध्यम से करने की व्यवस्था की है। निगम के अनुसार, इससे बस सेवाओं पर प्रदर्शन का असर नहीं पड़ेगा और यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित की जाएगी।
रोडवेज के ग्रामीण डिपो के सहायक महाप्रबंधक प्रतीक जैन ने बताया कि साधारण बसों के साथ वॉल्वो और सीएनजी बसों को भी देहरादून-दिल्ली एक्सप्रेसवे से भेजा जा रहा है। ऐसे में दिल्ली में चल रहे प्रदर्शनों के कारण बसों के संचालन में बाधा आने की आशंका नहीं है। यात्रियों को घबराने की जरूरत नहीं है।
प्रतिदिन करीब 80 बसों का संचालन
देहरादून स्थित आईएसबीटी से दिल्ली के लिए प्रतिदिन लगभग 80 बसों का संचालन किया जाता है। परिवहन निगम के अनुसार, एक्सप्रेसवे के रास्ते यात्रियों को दिल्ली भेजने की व्यवस्था की गई है।
निगम ने यात्रियों से अपील की है कि बस सेवा को लेकर किसी भी तरह की भ्रामक जानकारी पर भरोसा न करें। यात्रा से संबंधित जानकारी के लिए रोडवेज कार्यालय से संपर्क किया जा सकता है। यात्रियों की सहायता के लिए विशेष पूछताछ केंद्र बनाया गया है, जहां 24 घंटे कर्मचारी तैनात हैं। इसके अलावा परिवहन निगम की आधिकारिक वेबसाइट से भी बस संचालन की जानकारी ली जा सकती है।