हरिद्वार। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की अध्यक्षता में सोमवार को हरिद्वार स्थित केंद्रीय मेला नियंत्रण भवन के सभागार में मंत्रिमंडल की बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न विभागों से जुड़े 13 प्रस्तावों को मंजूरी दी गई। स्वास्थ्य, आवास और शहरी विकास समेत कई अहम विषयों पर चर्चा के बाद निर्णय लिए गए।
बैठक में हरिद्वार में दूसरे मेडिकल कॉलेज की स्थापना और ईएसआई मेडिकल कॉलेज से जुड़े प्रस्तावों को मंजूरी दिए जाने की जानकारी सामने आई है। इसके अलावा मुख्यमंत्री वीरता पुरस्कार से संबंधित प्रस्ताव भी स्वीकृत किए गए। हालांकि, सभी 13 प्रस्तावों का विस्तृत ब्योरा और उनके क्रियान्वयन से जुड़ी शर्तें अभी स्पष्ट नहीं हैं।
कैबिनेट बैठक से पहले मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी मंत्रिमंडल के सदस्यों के साथ हरकी पैड़ी पहुंचे। यहां उन्होंने मां गंगा की पूजा-अर्चना कर प्रदेश की निरंतर प्रगति, समृद्धि और जनकल्याण की कामना की। मुख्यमंत्री ने कुंभ मेले के सफल और सुव्यवस्थित आयोजन के लिए भी प्रार्थना की। इसके बाद मुख्यमंत्री और मंत्री कैबिनेट बैठक में शामिल हुए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि मंत्रिमंडल की सामूहिक सोच है कि जनता के बीच जाकर बैठकें की जाएं, ताकि जनहित से जुड़े निर्णय लोगों की जरूरतों को ध्यान में रखकर लिए जा सकें। सरकार ने प्रत्येक जिले में कैबिनेट बैठक आयोजित करने का निर्णय लिया है। इसकी शुरुआत चंपावत जिले से हुई थी, जबकि दूसरी बैठक हरिद्वार में आयोजित की गई।
हरिद्वार में कैबिनेट बैठक ऐसे समय हुई है, जब कुंभ मेले की तैयारियों को लेकर भी शहर का महत्व बढ़ रहा है। वहीं, राज्य सरकार को आगामी विधानसभा सत्र 30 अक्तूबर से पहले आहूत करना है।