ग्राफिक एरा: 10 राज्यों के छात्रों ने सीखी एआई एजेंट्स और क्लाउड टेक्नोलॉजी की बारीकियां

ग्राफिक एरा: 10 राज्यों के छात्रों ने सीखी एआई एजेंट्स और क्लाउड टेक्नोलॉजी की बारीकियां

ग्राफिक एरा डीम्ड यूनिवर्सिटी में आयोजित एडब्ल्यूएस (Amazon Web Services) स्टूडेंट कम्युनिटी डे

देहरादून, 31 अक्टूबर। ग्राफिक एरा डीम्ड यूनिवर्सिटी में आयोजित एडब्ल्यूएस (Amazon Web Services) स्टूडेंट कम्युनिटी डे में देश के 10 राज्यों के सैकड़ों छात्र-छात्राओं ने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI), क्लाउड कंप्यूटिंग और साइबर सिक्योरिटी की आधुनिक तकनीकों की जानकारी हासिल की। विशेषज्ञों ने विद्यार्थियों को तकनीकी क्षेत्र में हो रहे नए बदलावों, उनके व्यावहारिक उपयोग और भविष्य की संभावनाओं से रूबरू कराया।

एआई एजेंट्स के लाइव डेमो से समझी नई तकनीक

कार्यक्रम में अमेजन के सॉफ्टवेयर डेवलपमेंट मैनेजर हितेश जैन ने सॉफ्टवेयर उत्पादों के निर्माण, डिजाइनिंग और इंजीनियरिंग से जुड़ी चुनौतियों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि वास्तविक जरूरतों के अनुरूप तकनीकी समाधान विकसित करने के लिए किस तरह की इंजीनियरिंग प्रक्रियाओं और कौशल की आवश्यकता होती है।

एडब्ल्यूएस के सीनियर सॉल्यूशंस आर्किटेक्ट अमित कुमार ने सुरक्षित और विश्वसनीय क्लाउड इंफ्रास्ट्रक्चर तैयार करने के सिद्धांतों को समझाया। वहीं, एडब्ल्यूएस के डेवलपर एडवोकेट जतिन मेहरोत्रा ने स्ट्रैंड्स एजेंट्स (Strands Agents) के माध्यम से एआई एजेंट विकसित करने का लाइव डेमो प्रस्तुत किया। इससे विद्यार्थियों को एआई एजेंट्स की कार्यप्रणाली और उनके व्यावहारिक उपयोगों को समझने का अवसर मिला।

क्लाउड कंप्यूटिंग और साइबर सिक्योरिटी पर विशेषज्ञों ने दी जानकारी

कोडेक्स के क्लाउड सिस्टम्स एडमिनिस्ट्रेटर प्रीतिश आनंद और टेक्निकल राइटर एवं डेवलपर एडवोकेट मानवेंद्र सिंह ने क्लाउड टेक्नोलॉजी की बढ़ती उपयोगिता, तकनीकी समुदायों से जुड़ने, नेटवर्किंग और टेक्नोलॉजी समिट के माध्यम से सीखने के अवसरों पर प्रकाश डाला।

एडब्ल्यूएस के सीनियर सेल्स एसएपी स्पेशलिस्ट मयंक सिंह ने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस की सुरक्षा और साइबर सिक्योरिटी के क्षेत्र में इसके उपयोग पर चर्चा की। विशेषज्ञों ने विद्यार्थियों को आधुनिक तकनीकों के साथ लगातार सीखने और व्यावहारिक कौशल विकसित करने के महत्व से भी अवगत कराया।

10 राज्यों के शिक्षण संस्थानों के विद्यार्थियों ने किया प्रतिभाग

कार्यक्रम में उत्तराखंड, उत्तर प्रदेश, हरियाणा, पंजाब, तमिलनाडु, बिहार, राजस्थान, दिल्ली, कर्नाटक और आंध्र प्रदेश के विभिन्न शिक्षण संस्थानों के छात्र-छात्राओं ने प्रतिभाग किया। इनमें ग्राफिक एरा डीम्ड यूनिवर्सिटी, आईआईटी पटना, महर्षि दयानंद यूनिवर्सिटी, तीर्थंकर महावीर यूनिवर्सिटी, छत्रपति शाहू जी महाराज यूनिवर्सिटी और एसआरएम इंस्टीट्यूट ऑफ साइंस एंड टेक्नोलॉजी सहित कई संस्थानों के विद्यार्थी शामिल रहे।

इस दौरान विश्वविद्यालय की एनएसएस टीम के छात्र-छात्राओं ने पारंपरिक गढ़वाली लोकगीतों पर नृत्य प्रस्तुत कर उत्तराखंड की समृद्ध लोकसंस्कृति और सांस्कृतिक विरासत की झलक भी पेश की।

कार्यक्रम का आयोजन ग्राफिक एरा डीम्ड यूनिवर्सिटी के एडब्ल्यूएस स्टूडेंट बिल्डर ग्रुप ने किया। इस अवसर पर विश्वविद्यालय के प्रो-वाइस चांसलर डॉ. संतोष एस. सर्राफ, कंप्यूटर साइंस एंड इंजीनियरिंग विभाग के प्रमुख डॉ. देवेश प्रताप सिंह, फैकल्टी कोऑर्डिनेटर डॉ. अमित कुमार और एडब्ल्यूएस स्टूडेंट बिल्डर ग्रुप के लीड पवन जोशी सहित शिक्षक-शिक्षिकाएं और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।