कीर्तिनगर (टिहरी गढ़वाल): उत्तराखंड के देवप्रयाग विधानसभा क्षेत्र से विधायक विनोद कंडारी सोमवार को सड़क हादसे में बाल-बाल बच गए। कीर्तिनगर पुल के समीप एक वाहन ने उनकी कार को टक्कर मार दी। हादसे में विधायक को हल्की चोटें आई हैं, जबकि उनकी कार को काफी नुकसान पहुंचा है। घटना के बाद उन्हें उपचार के लिए नजदीकी अस्पताल ले जाया गया।
विधायक विनोद कंडारी की कार कीर्तिनगर पुल के पास से गुजर रही थी। इसी दौरान कथित तौर पर गलत दिशा से आ रहे एक वाहन ने उनकी कार को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि विधायक की गाड़ी क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची। घायल विधायक को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया।
पुलिस ने दुर्घटना में शामिल दूसरे वाहन को सीज कर दिया है। पुलिस की ओर से मामले में आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।