श्री गुरु राम राय पीजी कॉलेज के शोधार्थी संजय टम्टा को मिला यंग साइंटिस्ट अवार्ड

श्री गुरु राम राय पीजी कॉलेज के शोधार्थी संजय टम्टा को मिला यंग साइंटिस्ट अवार्ड

21वीं साइंस कांग्रेस में फार्मास्यूटिकल डिसिप्लिन के अंतर्गत उत्कृष्ट शोध कार्य के लिए हुए सम्मानित

श्री गुरु राम राय पीजी कॉलेज, देहरादून के रसायन विज्ञान विभाग के पीएचडी शोधार्थी संजय टम्टा ने अपनी उल्लेखनीय शैक्षणिक एवं शोध उपलब्धि से महाविद्यालय का नाम गौरवान्वित किया है। उत्तराखंड राज्य विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी परिषद (UCOST) द्वारा आयोजित 21वीं साइंस कांग्रेस में संजय टम्टा को फार्मास्यूटिकल डिसिप्लिन के अंतर्गत उनके उत्कृष्ट शोध कार्य के लिए प्रतिष्ठित यंग साइंटिस्ट अवार्ड से सम्मानित किया गया।

संजय टम्टा महाविद्यालय के रसायन विज्ञान विभाग में प्रोफेसर हर्षवर्धन पंत के निर्देशन में पीएचडी शोध कार्य कर रहे हैं। मूल रूप से उत्तराखंड के सुदूरवर्ती चमोली जनपद से संबंध रखने वाले संजय की मेडिकल साइंस एवं फार्मास्यूटिकल रिसर्च में विशेष रुचि है। विज्ञान एवं अनुसंधान के प्रति उनकी लगन, निरंतर मेहनत और नवाचार की भावना ने उन्हें यह महत्वपूर्ण उपलब्धि दिलाई है।इस उपलब्धि पर महाविद्यालय की प्रभारी प्राचार्य एवं रसायन विज्ञान विभाग की अध्यक्ष प्रोफेसर दीपाली सिंघल ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए संजय टम्टा को बधाई दी। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि महाविद्यालय के लिए गर्व का विषय है तथा इससे अन्य शोधार्थियों और विद्यार्थियों को भी अनुसंधान एवं नवाचार के क्षेत्र में आगे बढ़ने की प्रेरणा मिलेगी। उन्होंने संजय के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उनके शोध कार्यों की सराहना की।

यह सफलता इस बात का प्रमाण है कि दृढ़ संकल्प, परिश्रम और शोध के प्रति समर्पण के बल पर सुदूर पर्वतीय क्षेत्रों से आने वाले युवा भी विज्ञान के क्षेत्र में अपनी विशिष्ट पहचान बना सकते हैं।