देहरादून: उत्तराखंड में चारधाम सड़क परियोजना, देहरादून-ऋषिकेश बाईपास और ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल परियोजना के कार्यों में तेजी लाने के लिए मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन ने अधिकारियों को समयबद्ध कार्ययोजना के साथ बाधाएं दूर करने के निर्देश दिए हैं।
उन्होंने भूमि अधिग्रहण, मुआवजा वितरण और निर्माण कार्यों में लंबित मामलों को प्राथमिकता से निस्तारित करने पर जोर दिया।
सचिवालय में आयोजित समीक्षा बैठक में मुख्य सचिव ने देहरादून-ऋषिकेश बाईपास परियोजना के तहत भूमि अधिग्रहण और मुआवजा वितरण की प्रक्रिया एक माह के भीतर पूरी करने के निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि करीब 825 किलोमीटर लंबे चारधाम यात्रा मार्ग पर विभिन्न पैकेजों के तहत निर्माण कार्य चल रहे हैं। परियोजना की गति और गुणवत्ता बनाए रखते हुए निर्धारित समयसीमा में काम पूरा करने के लिए संबंधित विभागों को आपसी समन्वय से कार्य करने को कहा।
चारधाम परियोजना के भूमि अधिग्रहण से जुड़े लंबित मामलों को 15 दिनों के भीतर निस्तारित करने और भूमि स्वामियों को मुआवजे का शीघ्र भुगतान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। इसके लिए पीडब्ल्यूडी, बीआरओ और जिला प्रशासन की संयुक्त टीम को मौके पर जाकर समस्याओं का समाधान करने तथा निर्माण कार्य शुरू कराने को कहा गया। रुद्रप्रयाग जिले के चारधाम मार्ग के विभिन्न शहरी क्षेत्रों में करीब 4 किलोमीटर भूभाग से जुड़े अधिग्रहण और मुआवजे के मामलों को तत्काल पूरा करने पर भी जोर दिया गया।
ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल परियोजना की समीक्षा के दौरान नरकोटा क्षेत्र में डायवर्जन से संबंधित कार्यों को प्राथमिकता से पूरा करने के निर्देश दिए गए। नरकोटा पुल की फैब्रिकेशन जांच और गुणवत्ता परीक्षण के लिए अधिकारियों को स्थलीय निरीक्षण करने तथा शेष सिविल कार्य तेजी से पूरा करने को कहा गया।
मुख्य सचिव ने सभी संबंधित विभागों और कार्यदायी संस्थाओं को साप्ताहिक कार्ययोजना तैयार करने तथा प्रत्येक सप्ताह लक्ष्य के सापेक्ष प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए, ताकि परियोजनाओं में आ रही बाधाओं का समयबद्ध समाधान किया जा सके।