श्रीनगर (पौड़ी गढ़वाल): मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को श्रीनगर में आयोजित बैकुंठ चतुर्दशी मेले एवं विकास प्रदर्शनी का शुभारंभ किया। इस दौरान उन्होंने श्रीनगर में साइंस सिटी विकसित करने, नगर निगम के नए कार्यालय भवन के निर्माण और श्रीनगर से देहरादून के लिए जल्द हेलीकॉप्टर सेवा शुरू करने की घोषणा की। मुख्यमंत्री ने विभिन्न विकास योजनाओं का उल्लेख करते हुए क्षेत्र में शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क और धार्मिक पर्यटन से जुड़ी सुविधाओं के विस्तार की बात कही।
मेले में पहुंचने पर स्थानीय लोगों ने ढोल-दमाऊं, पुष्पवर्षा और जयकारों के साथ मुख्यमंत्री का स्वागत किया। मुख्यमंत्री ने राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन और ग्रामोत्थान परियोजना के तहत लगाए गए स्टॉलों का निरीक्षण किया। उन्होंने स्थानीय उत्पादों और महिला स्वयं सहायता समूहों की गतिविधियों की जानकारी ली। इस दौरान उन्होंने सिलबट्टे पर पहाड़ी नमक भी पीसा। इसके बाद कमलेश्वर महादेव मंदिर में पूजा-अर्चना कर प्रदेश की सुख-समृद्धि की कामना की।
मुख्यमंत्री ने कहा कि बैकुंठ चतुर्दशी मेला धार्मिक और सांस्कृतिक आयोजन के साथ ही लोकसंस्कृति, परंपराओं और सामाजिक एकता का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार विकास के साथ सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण और संवर्धन के लिए काम कर रही है। केदारखंड और मानसखंड मंदिर माला मिशन के माध्यम से धार्मिक एवं ऐतिहासिक स्थलों का विकास किया जा रहा है।
श्रीनगर में साइंस सिटी और आधुनिक सुविधाओं की घोषणा
मुख्यमंत्री ने श्रीनगर में यूकॉस्ट के माध्यम से साइंस सिटी विकसित करने की घोषणा की। साथ ही श्रीनगर नगर निगम के नए कार्यालय भवन के निर्माण को स्वीकृति देने की बात कही। उन्होंने विष्णुप्रयाग, नंदप्रयाग, कर्णप्रयाग, रुद्रप्रयाग और देवप्रयाग में आधुनिक घाटों के निर्माण एवं सौंदर्यीकरण तथा धारी देवी मंदिर के समीप श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए आधुनिक घाट विकसित करने की भी घोषणा की। बैकुंठ चतुर्दशी मेले के आयोजन के लिए सरकारी सहयोग देने की बात भी कही।
मुख्यमंत्री के अनुसार, श्रीनगर में करीब 200 करोड़ रुपये की सीवर लाइन परियोजना को आगे बढ़ाया जा रहा है। लगभग 650 करोड़ रुपये की लागत से एनआईटी का निर्माण कार्य प्रगति पर है। क्षेत्र में पैरामेडिकल और नर्सिंग कॉलेज की स्थापना के प्रयास किए जा रहे हैं। नगर में आधुनिक बस स्टैंड और पार्किंग सुविधाओं के विकास के साथ कोटद्वार-पौड़ी-श्रीनगर सड़क के दो लेन चौड़ीकरण की प्रक्रिया भी आगे बढ़ रही है।
स्वास्थ्य, रोजगार और कनेक्टिविटी पर भी रखी बात
मुख्यमंत्री ने बताया कि बेस अस्पताल श्रीनगर में करीब 25 करोड़ रुपये की लागत से क्रिटिकल केयर ब्लॉक का निर्माण किया गया है। नगर निगम क्षेत्र में लगभग नौ करोड़ रुपये की विकास योजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया गया है। इनमें ठोस अपशिष्ट प्रबंधन, वर्षा जल संचयन, सड़क और नाली निर्माण तथा पार्कों का सौंदर्यीकरण शामिल है।
उन्होंने कहा कि ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल परियोजना से क्षेत्र में आवागमन, पर्यटन और स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी। श्रीनगर से देहरादून के लिए जल्द हेलीकॉप्टर सेवा शुरू करने की भी बात कही। मुख्यमंत्री ने यह भी बताया कि आंगनबाड़ी कार्यकर्त्रियों, सहायिकाओं और आशा कार्यकर्ताओं के मानदेय में एक दिसंबर 2026 से वृद्धि का निर्णय लिया गया है। उनके अनुसार, पिछले पांच वर्षों में राज्य में 36 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरी दी गई है।
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने कमलेश्वर महादेव से संबंधित विशेष डाक आवरण और शाइनी कृष्ण उनियाल की पुस्तक ‘मां राजराजेश्वरी चालीसा’ का विमोचन किया। कैबिनेट मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने कहा कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व में श्रीनगर क्षेत्र में शिक्षा, स्वास्थ्य, पेयजल और आधारभूत सुविधाओं के विकास के लिए कार्य किए जा रहे हैं।
इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष पौड़ी रचना बुटोला, जिला पंचायत अध्यक्ष रुद्रप्रयाग पूनम कठैत, विधायक विनोद कंडारी, विधायक राजकुमार पोरी, महापौर आरती भंडारी, जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया, एसएसपी सर्वेश पंवार सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।