कार्मिकों का ब्योरा नहीं दिया तो विभागाध्यक्षों पर होगी कानूनी कार्रवाई, डीएम सख्त

कार्मिकों का ब्योरा नहीं दिया तो विभागाध्यक्षों पर होगी कानूनी कार्रवाई, डीएम सख्त

देहरादून: विधानसभा चुनाव की तैयारियों के बीच कार्मिकों का विवरण उपलब्ध नहीं कराने वाले विभागाध्यक्षों पर जिला प्रशासन ने सख्ती दिखाई है। जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने निर्धारित समय पर कर्मचारियों की सूची उपलब्ध न कराने अथवा अधूरी जानकारी देने वाले विभागाध्यक्षों के खिलाफ लोक प्रतिनिधित्व अधिनियम, 1950 (R.P. Act) के तहत कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। प्रशासन ने तत्काल सूची उपलब्ध नहीं कराने वाले विभागाध्यक्षों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कराने की तैयारी भी शुरू कर दी है।

जिला प्रशासन के अनुसार, निर्वाचन कार्यों के लिए जनपद में रिजर्व कार्मिकों सहित करीब 23 हजार कर्मचारियों की आवश्यकता का आकलन किया गया है। इसके सापेक्ष अब तक लगभग 12 हजार कार्मिकों का ही विवरण प्राप्त हुआ है। करीब 500 विभागों ने सूची उपलब्ध करा दी है, जबकि 250 से अधिक विभागों ने अभी तक कर्मचारियों का ब्योरा नहीं दिया है। कुछ विभागों की ओर से भेजी गई सूचनाएं भी अधूरी हैं।
एडीएम वित्त एवं राजस्व के.के. मिश्रा ने बताया कि कार्मिकों का पूरा विवरण उपलब्ध नहीं होने से निर्वाचन ड्यूटी के लिए आवश्यक मानव संसाधन का आकलन प्रभावित हो रहा है। सभी विभागों को निर्धारित प्रारूप में कर्मचारियों का पूर्ण और अद्यतन विवरण तत्काल उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं।

विभागाध्यक्षों को स्वयं करनी होगी निगरानी
जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने स्पष्ट किया कि विधानसभा चुनाव जैसे महत्वपूर्ण संवैधानिक दायित्व में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने सभी विभागाध्यक्षों को स्वयं निगरानी करते हुए यह सुनिश्चित करने को कहा है कि उनके विभाग से भेजी जाने वाली कार्मिकों की सूची पूरी, सही और अद्यतन हो।
प्रशासन ने चेतावनी दी है कि निर्देशों के बावजूद सूची उपलब्ध नहीं कराने वाले विभागाध्यक्षों के खिलाफ लोक प्रतिनिधित्व अधिनियम, 1950 के तहत सुसंगत प्रावधानों में कार्रवाई की जाएगी और मुकदमा दर्ज कराया जा सकता है।
करीब 23 हजार कार्मिकों की आवश्यकता के मुकाबले अब तक केवल 12 हजार कर्मचारियों का विवरण मिलने से निर्वाचन तैयारियों में मानव संसाधन जुटाने की चुनौती बनी हुई है। ऐसे में जिला प्रशासन ने सभी विभागों से बिना देरी आवश्यक जानकारी उपलब्ध कराने को कहा है।