देहरादून में बुजुर्ग दंपती के घर 12 लाख की लूट का खुलासा, केयरटेकर निकला मास्टरमाइंड; तीन गिरफ्तार

देहरादून में बुजुर्ग दंपती के घर 12 लाख की लूट का खुलासा, केयरटेकर निकला मास्टरमाइंड; तीन गिरफ्तार

देहरादून: राजधानी देहरादून के बसंत विहार थाना क्षेत्र में बुजुर्ग दंपती के घर हुई करीब 12 लाख रुपये की लूट का पुलिस ने 36 घंटे के भीतर खुलासा करने का दावा किया है। जांच में घर का केयरटेकर ही वारदात का मास्टरमाइंड निकला। उसने अपने साथियों के साथ मिलकर लूट की साजिश रची और घटना की रात घर का दरवाजा खोलकर उन्हें अंदर बुलाया। पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लूटे गए सोने-चांदी के आभूषण और 15 हजार रुपये नकद बरामद किए हैं। वहीं, फरार केयरटेकर की तलाश जारी है।
पुलिस के अनुसार, 23 नवंबर 2026 को रमेश कौर संधू निवासी कांवली गांव ने बसंत विहार थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि अज्ञात लोग घर में घुसे और उनकी तथा घर में काम करने वाली नौकरानी की आंखों में स्प्रे डालकर नकदी और आभूषण लूट ले गए।

जांच में सामने आया कि वारदात 22 नवंबर की रात करीब दो बजे हुई थी। बदमाशों ने बुजुर्ग महिला और नौकरानी की आंखों में स्प्रे डालकर उन्हें काबू किया। इसके बाद महिला के पहने हुए गहने जबरन उतरवाए और घर में रखे अन्य आभूषण व नकदी लेकर फरार हो गए।

घटना के खुलासे के लिए एसएसपी देहरादून के निर्देश पर चार पुलिस टीमों का गठन किया गया। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज खंगालने और संदिग्धों से पूछताछ के बाद 25 नवंबर को कांवली गांव स्थित कब्रिस्तान के पास से तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया। उनकी पहचान हिमांशु, नितिन और रूपा निवासी बिजनौर, उत्तर प्रदेश के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक, तीनों आपस में भाई-बहन हैं।
पूछताछ में पता चला कि बुजुर्ग दंपती के घर पर केयरटेकर के रूप में काम करने वाले होशियार सिंह ने ही लूट की योजना बनाई थी। उसने घर की पूरी जानकारी अपने साथियों को दी और वारदात की रात दरवाजा खोलकर उन्हें अंदर बुलाया। पुलिस के अनुसार, होशियार सिंह फिलहाल फरार है और उसकी तलाश की जा रही है।

बसंत विहार थाना प्रभारी अमित शर्मा के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से सोने की चूड़ियां, मंगलसूत्र, पेंडेंट, अंगूठी, झुमकियां, सोने का कड़ा, चांदी की पायल, कमर की तिकड़ी, मोतियों की माला और 15 हजार रुपये नकद बरामद किए गए हैं।