देहरादून। चीन के फिल्म उद्योग में पहचान बनाने वाले उत्तराखंड के अभिनेता देव रतूड़ी अब अपनी मातृभूमि में फिल्म निर्माण को बढ़ावा देंगे। उन्होंने देहरादून में ‘केमसोर स्टूडियोज’ नाम से फिल्म प्रोडक्शन हाउस की शुरुआत की है। इस स्टूडियो के माध्यम से उत्तराखंडी फिल्मों, वेब सीरीज और संगीत का निर्माण किया जाएगा। साथ ही स्थानीय कलाकारों को अभिनय का प्रशिक्षण देकर फिल्म उद्योग में आगे बढ़ने का अवसर दिया जाएगा।
स्टूडियो का उद्घाटन उत्तराखंड की पूर्व मुख्य सचिव राधा रतूड़ी और पूर्व डीजीपी अनिल के रतूड़ी की मौजूदगी में हुआ। दोनों ने देव रतूड़ी की इस पहल की सराहना की। स्टूडियो का नाम उनके पैतृक गांव केमरिया सौड़ के नाम पर रखा गया है।
स्थानीय कलाकारों को मिलेगा प्रशिक्षण
देव रतूड़ी ने अभिनय प्रशिक्षण के लिए मुंबई के एक्टिंग कोच हर्षल पंवार को आमंत्रित किया है। हर्षल पंवार उत्तराखंड के कलाकारों को अभिनय की बारीकियां सिखाएंगे। स्टूडियो का उद्देश्य स्थानीय प्रतिभाओं को मंच देना और प्रदेश की कहानियों को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर तक पहुंचाना है।
देव रतूड़ी के मुताबिक, स्टूडियो के बैनर तले बनने वाली पहली फिल्म वर्ष 1994 के रामपुर तिराहा कांड पर आधारित होगी। फिल्म का नाम ‘द उत्तराखंड स्टोरी’ रखा गया है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी इस फिल्म का पोस्टर लॉन्च कर चुके हैं।
रामपुर तिराहा कांड और उत्तराखंड आंदोलन की कहानी दिखाएगी फिल्म
फिल्म के निर्देशक अनुज जोशी के अनुसार, कहानी 1994 के रामपुर तिराहा कांड से लेकर उसके बाद के 32 वर्षों की घटनाओं पर केंद्रित होगी। इसमें उत्तराखंड आंदोलन में योगदान देने वाले उन लोगों की कहानियों को भी सामने लाने का प्रयास किया जाएगा, जिन्हें अब तक व्यापक पहचान नहीं मिल पाई है। फिल्म हिंदी में बनाई जाएगी और देशभर में रिलीज करने की योजना है। बाद में इसे उत्तराखंड की स्थानीय भाषाओं में भी प्रदर्शित किया जाएगा।
फिल्म स्टूडियो को संस्थान बनाने की तैयारी
देव रतूड़ी ने बताया कि भविष्य में केमसोर स्टूडियोज में पोस्ट प्रोडक्शन से जुड़ी तकनीकी सुविधाएं भी विकसित की जाएंगी, ताकि उत्तराखंड के फिल्म निर्माताओं को इसके लिए मुंबई पर निर्भर न रहना पड़े। अगले दो से तीन वर्षों में इसे फिल्म इंस्टीट्यूट के रूप में विकसित करने की योजना है।
टिहरी गढ़वाल के केमरिया सौड़ गांव से निकलकर चीन के फिल्म और हॉस्पिटैलिटी क्षेत्र में पहचान बनाने वाले देव रतूड़ी की यह पहल उत्तराखंड में स्थानीय फिल्म निर्माण और कलाकारों के लिए नए अवसर पैदा कर सकती है।