उत्तराखंड में हुक्का पीकर हुड़दंग मचा रहे हरियाणा के तीन पर्यटक गिरफ्तार

उत्तराखंड में हुक्का पीकर हुड़दंग मचा रहे हरियाणा के तीन पर्यटक गिरफ्तार

रेनबो न्यूज़ इंडिया * 27 मई 2022

उत्तराखंड के चमोली जिले में बदरीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग पर गौचर बैरियर के पास हुक्का पीकर हुड़दंग मचा रहे हरियाणा के तीन पर्यटकों को गिरफ्तार किया गया है। चमोली पुलिस के प्रवक्ता ने यह जानकारी दी।

उन्होंने बताया कि हुड़दंगियों की गिरफ्तारी ‘मिशन मर्यादा’ के तहत की गई है और उनके खिलाफ पुलिस अधिनियम के अंतर्गत मामला दर्ज कर उनका हुक्का जब्त कर लिया गया है।

प्रवक्ता के मुताबिक, इन दिनों चारधाम यात्रा चल रही है और आपराधिक गतिविधियों की रोकथाम के लिए ‘मिशन मर्यादा’ के तहत धार्मिक स्थलों के आसपास पुलिस बल को सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए हैं।

उन्होंने बताया कि इस अभियान के तहत धार्मिक एवं पर्यटक स्थलों में हुड़दंग करने, गंदगी फैलाने और मादक पदार्थों का सेवन कर शांति को प्रभावित करने वाले व्यक्तियों के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है।