अंतरिक्ष में भी ले सकेंगे छुट्टियों का आनंद, चंद्रयान-3 एन्ड बियॉन्ड पर सम्मेलन

अंतरिक्ष में भी ले सकेंगे छुट्टियों का आनंद, चंद्रयान-3 एन्ड बियॉन्ड पर सम्मेलन

देहरादून, 16 दिसंबर। संयुक्त राष्ट्र-अंतरिक्ष विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी केंद्र एशिया और प्रशांत के सलाहकार परिषद सदस्य डॉ० उगूर गुवेन ने कहा कि स्पेस टूरिज़्म के सुनहरे भविष्य में मनुष्य अंतरिक्ष में छुट्टियां मनाने, स्पेस होटल और स्पेस स्पोर्ट्स जैसे दिलचस्प व रोमांचकारी अनुभवों का आनंद उठा सकेंगे।

डॉ० उगूर गुवेन आज ग्राफिक एरा में आयोजित चंद्रयान-3 एन्ड बियॉन्ड विषय पर सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि चंद्रयान-3 की सफलता के बाद अंतरिक्ष में फैली असीम संभावनाओं के दरवाजे खुल गए हैं। इससे स्पेस माइनिंग के जरिए धरती की दुर्लभ धातुओं जैसे कि प्लैटिनम, रोह्बिडियम और ऊर्जा के महत्वपूर्ण संसाधन हीलियम 3 को चंद्रमा पर खोजने में मदद मिलेगी। इसके फलस्वरूप भविष्य में नवीनीकरण ऊर्जा, अर्थव्यवस्था और ऊर्जा उत्पादन को गति मिलेगी।

सम्मेलन में इसरो के पूर्व समूह निदेशक डॉ० ऐ० सी० माथुर ने स्लाइड्स के जरिए अंतरिक्ष और इसरो से जुड़ी जानकारियां साझा की। उन्होंने बताया कि 1969 में इसरो की स्थापना के बाद देश एयरोस्पेस के क्षेत्र में प्रगति करके उपलब्धियां हासिल कर रहा है। उन्होंने युवाओं में इसके प्रति जागरूकता लाने के महत्व पर भी प्रकाश डाला।

सम्मेलन का उद्घाटन डॉ० उगूर गुवेन, डॉ० ऐ० सी० माथुर और ग्राफिक एरा हिल यूनिवर्सिटी के कुलपति डॉ० संजय जसोल ने किया। कार्यक्रम का आयोजन ग्राफिक एरा डीम्ड यूनिवर्सिटी के डिपार्टमेंट ऑफ एयरोस्पेस इंजीनियरिंग ने किया। इसमें एयरोस्पेस इंजीनियरिंग विभाग के हेड डॉ० सुधीर जोशी के साथ ही डॉ० रित्विक डोबरियाल, डॉ० पुष्पेंद्र कुमार और पुनीत गुप्ता भी मौजूद रहे।

Please share the Post to: