मुख्यमंत्री धामी ने किया कैंची धाम से प्रदेश में  “सांस्कृतिक उत्सव“ का शुभारंभ

मुख्यमंत्री धामी ने किया कैंची धाम से प्रदेश में  “सांस्कृतिक उत्सव“ का शुभारंभ

नैनीताल (14 जनवरी)। प्रदेश के सभी धार्मिक स्थलों और प्रतिष्ठानों में 14 जनवरी से 22 जनवरी तक सांस्कृतिक कार्यक्रम होंगे। रविवार को कैंचीधाम से मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रदेश में “सांस्कृतिक उत्सव“ का शुभारंभ किया। उन्होंने कैंचीधाम और घोड़ाखाल मंदिर में स्वच्छता अभियान चलाकर जन जन को इस मुहिम से जुड़ने का आह्वान किया। 

मुख्यमंत्री ने पूजा अर्चना कर की प्रदेश की सुख, समृद्धि, शांति, एवं खुशहाली की कामना 

मुख्यमंत्री ने कैंची धाम में श्री राम शिला की साफ सफाई कर पूजा अर्चना की। साथ ही मंदिर परिसर में आयोजित श्री राम भजन कार्यक्रम में सम्मिलित हुए। मुख्यमंत्री ने नीब करौरी बाबा की पूजा अर्चना कर प्रदेश की सुख, समृद्धि, शांति, एवं खुशहाली की कामना की। 

धामी ने पर्यावरण मित्रों के कार्यों की सराहना की और स्कूली बच्चों, स्वयं सहायता समूह, ग्राम प्रधानों एवं पर्यावरण मित्रों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि 22 जनवरी का दिन ऐतिहासिक दिन होगा। इस दिन शुभमुहूर्त में रामलला अयोध्या में विराजमान होंगे। 

उन्होंने बताया कि आने वाले पांच दशकों को ध्यान में रखते हुए कैंची धाम का मास्टर प्लान होगा तैयार। कैंची धाम मास्टर प्लान से आने वाले समय में श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधा मिलेगी। धार्मिक और आध्यात्मिक पर्यटन बढ़ेगा और सरकार की आर्थिकी सुदृढ़ होगी। 

सीएम ने किया 24.68 करोड़ रूपये की योजनाओं का शिलान्यास 

रविवार को कैंची धाम पहुंचे मुख्यमंत्री का महिलाओं ने फूल मालाओं के साथ स्वागत किया। इस दौरान सीएम धामी ने 24.68 करोड़ की लागत के शिलान्यास किए। जिसमें सैनिटोरियम से सिरोड़ी मार्ग का सुधारीकरण और डामरीकरण के लिए 1214.71 लाख,सैनिटोरियम से नैनीबैंड तक भवाली का निर्माण कार्य सुधारीकरण और डामरीकरण के लिए 1162.32 लाख, कैंची हरतपा हली मोटर मार्ग का नाम परिवर्तन कर शहीद लांस नायक संजय बिष्ट मार्ग का और नगर निगम हल्द्वानी वार्ड 54 में नीम के पेड़ से प्रताप सिंह बिष्ट के घर तक मार्ग का सुधारीकरण के लिए 90.65 लाख का शिलान्यास किया। 

इस दौरान जिला पंचायत अध्यक्ष बेला तोलिया, जिलाध्यक्ष प्रताप बिष्ट, विधायक नैनीताल सरिता आर्य, भीमताल राम सिंह कैड़ा, रानीखेत प्रमोद नैनवाल, मंडी बोर्ड अध्यक्ष डा अनिल डब्बू, पेयजल अनुश्रवण समिति अध्यक्ष दिनेश आर्य, जिला महामंत्री रंजन बरगली, नवीन भट्ट, प्रकाश हरबोला, डीआईजी योगेंद्र सिंह रावत, जिलाधिकारी वंदना सिंह, एसएसपी पी.एन मीना, एडीएम पी आर चैहान, नगर आयुक्त पंकज उपाध्याय, एवं अन्य लोग मौजूद रहे।