नागरिक सुरक्षा संगठन और ग्राफिक एरा ने आज 38 किलोमीटर की विशाल बाईक रैली निकाल कर दून वासियों को मतदान की महत्ता समझाई। राज्य के मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ बीवीआरसी पुरुषोत्तम ने हरी झंडी दिखाकर इस रैली का श्रीगणेश किया। इस मौके पर प्रतिभागियों को संबोधित करते हुए मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ पुरुषोत्तम ने कहा कि मताधिकार बहुत महत्वपूर्ण लोकतांत्रिक अधिकार है। लोकत्रंत्र को मजबूत बनाने के लिए मतदान और निष्पक्ष निर्वाचन आवश्यक है। हर मतदाता को मतदान करके अपने इस महत्वपूर्ण अधिकार का उपयोग करना चाहिए।
उन्होंने छात्र-छात्राओं, शिक्षकों और सिविल डिफेंस के वार्डनों से अपना वोट डालने और दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करने का आह्वान किया। डॉ पुरुषोत्तम ने लोगों को मतदान करने के लिए प्रेरित करने के इस आयोजन पर सिविल डिफेंस के चीफ वार्डन और ग्राफिक एरा के संस्थापक अध्यक्ष डॉ कमल घनशाला को साधुवाद दिया।

ग्राफिक एरा ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस के चेयरमैन और सिविल डिफेंस के चीफ वार्डन डॉ कमल घनशाला ने खुद बाईक चलाकर इस विशाल बाईक रैली का नेतृत्व किया। परेड ग्राउंड के खेल परिसर में रैली के प्रतिभागियों को संबोधित करते हुए उन्होंन कहा कि ज्यादा से ज्यादा लोगों को मतदान करने के लिए प्रेरित करने के उद्देश्य से यह रैली निकाली गई है।
डॉ कमल घनशाला ने लोकसभा चुनाव में ज्यादा से ज्यादा संख्या में मतदान करके प्रदेश में सबसे अधिक मतदान का रिकॉर्ड बनाने का आह्वान किया। डॉ घनशाला ने कहा कि सिविल डिफेंस के वार्डन और ग्राफिक एरा के छात्र-छात्राएं व शिक्षक अपने क्षेत्रों में लोगों को अपने मताधिकार का प्रयोग करने के लिए प्रोत्साहित करेंगे।
कुल मिलाकर 38 किलोमीटर की यह बाईक रैली ग्राफिक एरा डीम्ड यूनिवर्सिटी से शुरू होकर ट्रांसपोर्टनगर, बल्लूपुर, गढ़ी कैंट, राजभवन मार्ग, दिलाराम चौक, बहल तिराहे, ई.सी. रोड, सर्वे चौक होते हुए परेड ग्राउंड पहुंची। परेड ग्राउंड में रैली के प्रतिभागियों ने मतदान करने की शपथ ली। इसके बाद रैली वापस ग्राफिक एरा विश्वविद्यालय पहुंच कर सम्पन्न हुई।
रैली में शामिल लोगों ने – लोकतंत्र का ये अधिकार वोट देकर चुनें सरकार, 19 अप्रैल का पहला काम, सबसे पहले करें मतदान, छुट्टी नहीं, लोकतंत्र का त्योहार है, मतदान सबसे जरूरी काम है जैसे नारे लिखी तख्तियां ले रखी थीं। रैली में छह सौ से अधिक दुपहिया वाहन लेकर छात्र-छात्राएं, शिक्षक, पदाधिकारी, वार्डन शामिल हुए।
बाईक रैली डॉ सुभाष गुप्ता, डॉ देवेश प्रताप सिंह, डॉ एम पी सिंह, डी एस रावत, डॉ अमल शंकर शुक्ला, अनिल चौहान, डॉ गिरीश लखेड़ा, डॉ अरविंद मोहन, सुबोध पुंडीर, रुचिरा रावत, अमर डबराल और नागरिक सुरक्षा संगठन के उप नियंत्रक एस के साहू भी सम्मिलित हुए।
Related posts:
- फ्रीडम राइड: ग्राफिक एरा ने निकाली साइकिल रैली, अमृत महोत्सव के साथ के साथ मनाया स्थापना दिवस
- मतदान बढ़ाने हेतु ग्राफ़िक एरा व सिविल डिफेन्स वार्डन निकालेंगे बाईक रैली
- उत्तराखंड में शाम पांच बजे तक 59.37 प्रतिशत मतदान
- फ्रीडम राइड साइकिल रैली से दिया फिट इंडिया और कोरोना से बचने का संदेश
- कोटद्वार महाविद्यालय में मतदान जागरूकता रैली और अंतर्गत स्लोगन प्रतियोगिता का आयोजन
- दुनिया के टॉप 30 कोडर्स में पांच छात्र ग्राफिक एरा के, 87 देशों के कोडिंग के ग्रेंड फिनाले में ग्राफिक एरा ने दिखाया कमाल