मुख्यमंत्री ने कानून व्यवस्था का पालन कराने और बाहरी लोगों का सत्यापन को दिए निर्देश

मुख्यमंत्री ने कानून व्यवस्था का पालन कराने और बाहरी लोगों का सत्यापन को दिए निर्देश

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने उच्च स्तरीय बैठक में कानून व्यवस्था का सख्ती से पालन करवाने को अधिकारियों को निर्देश दिये। उन्होंने कहा राज्य में रह रहे बाहरी लोगों को सघनता से सत्यापन किया जाए। साथ ही अधिकारियों को निर्देश दिये कि जो भी बाहरी व्यक्ति राज्य में जमीन खरीदने के लिए आ रहे हैं, वे किस उद्देश्य से जमीन खरीद रहे हैं आपराधिक विवरण के साथ ही भूमि क्रय करने का उद्देश्य भी बताना पड़ेगा। इसका उनसे निर्धारित प्रारूप पर घोषणा पत्र भरवाया जाए। उन्होंने बाहरी लोगों के जमीन खरीदने से उनकी जांच के भी निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने निर्देश दिये हैं कि आपराधिक प्रवृत्ति के लोगों को चिन्हित किया जाए। उन्होंने कहा कि कानून व्यवस्था के साथ खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ सख्त कारवाई की जायेगी। 

मुख्यमंत्री ने मुख्य सचिव को निर्देश दिये कि वनाग्नि, पेयजल, और बिजली की समस्याओं को दूर करने के लिए नियमित बैठक कर समीक्षा की जाए। आगे इस तरह की समस्याएं न हों, इसके लिए जो भी प्रभावी उपाय किये जाने हैं, जल्द किये जाएं। कार्यों में लापरवाही करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाए। आपदा प्रबंधन और आगामी कांवड़ के दृष्टिगत सभी तैयारियां पूर्ण रखने के निर्देश मुख्यमंत्री ने दिये हैं। 

धामी ने कहा कि शासन के वरिष्ठ अधिकारी नियमित सभी जिलाधिकारियों के संपर्क में रहें, जनपदों से किसी भी प्रकार की सहायता के अनुरोध पर उनका यथाशीघ्र समाधान किया जाए। उन्होंने बैठक में अधिकारियों को निर्देश दिये कि यह सुनिश्चित किया जाए कि सरकार द्वारा विभिन्न विभागों के माध्यम से चलाई जा रही जनकल्याणकारी योजनाओं की धनराशि लाभार्थी को डीबीटी के माध्यम से जल्द मिले। वित्त विभाग और सूचना प्रौद्योगिकी विभाग इसकी त्वरित कार्यवाही करे। 

मुख्यमंत्री ने कहा जन समस्याओं का समाधान शीघ्रता से किया जाए। इसके अलावा उन्होंने जल संरक्षण के साथ ही व्यापक स्तर पर वृक्षारोपण के लिए अभियान चलाने के भी निर्देश दिये। 

बैठक में मुख्य सचिव राधा रतूड़ी, डीजीपी अभिनव कुमार सहित कई अधिकारी उपस्थित थे। 

Please follow and like us:
Pin Share
Please share the Post to:
RSS
Follow by Email