खेल मंत्री रेखा आर्या ने गुरुवार को देहरादून स्थित टपकेश्वर महादेव मंदिर में पूजा-अर्चना कर भोलेनाथ को राष्ट्रीय खेलों का पहला निमंत्रण पत्र समर्पित किया। इस दौरान उन्होंने महादेव का जलाभिषेक कर आरती की और सफल आयोजन के लिए आशीर्वाद मांगा।
मंत्री ने कहा कि राष्ट्रीय खेलों के आयोजन में पूरी तैयारी की गई है, लेकिन अब इसके सफल संचालन के लिए भगवान शिव का आशीर्वाद जरूरी है।
खेल मंत्री ने टपकेश्वर महादेव के साथ माता वैष्णो देवी गुफा योग मंदिर में भी पूजा-अर्चना की। इस दौरान उन्होंने नगर निकाय चुनाव में भाजपा प्रत्याशियों की जीत के लिए भी भोलेनाथ से आशीर्वाद मांगा।
उन्होंने कहा कि सरकार ने अपनी पूरी क्षमता और संसाधनों का उपयोग करते हुए राष्ट्रीय खेलों की तैयारी की है। अब महादेव की कृपा से इसे सफल बनाया जाएगा।