उत्तराखंड को मिला पहला महिला स्पोर्ट्स कॉलेज, चंपावत के लोहाघाट में होगा निर्माण

उत्तराखंड को मिला पहला महिला स्पोर्ट्स कॉलेज, चंपावत के लोहाघाट में होगा निर्माण

देहरादून: उत्तराखंड सरकार ने प्रदेश के पहले महिला स्पोर्ट्स कॉलेज के निर्माण के लिए शासनादेश जारी कर दिया है। यह कॉलेज चंपावत जिले के लोहाघाट में बनाया जाएगा। इससे प्रदेश की बालिका खिलाड़ियों को उच्चस्तरीय खेल सुविधाएं मिलेंगी। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने पहले ही इस कॉलेज के निर्माण की घोषणा की थी, जिसे अब मूर्त रूप दिया जा रहा है।

खेल मंत्री रेखा आर्या ने दी शुभकामनाएं

खेल मंत्री रेखा आर्या ने इस घोषणा को प्रदेश की महिला खिलाड़ियों के लिए नवरात्रि और हिंदू नववर्ष का उपहार बताया। उन्होंने कहा कि यह संस्थान छात्राओं को शिक्षा के साथ-साथ खेल प्रतिभा निखारने का अवसर देगा। “आधुनिक खेल विज्ञान तकनीकों की मदद से राज्य की बेटियां राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बेहतरीन प्रदर्शन कर सकेंगी,” उन्होंने कहा।

राष्ट्रीय खेलों के बाद सरकार का बड़ा कदम

खेल मंत्री ने आगे कहा कि 38वें राष्ट्रीय खेलों में उत्तराखंड की महिला खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया, लेकिन अब तक प्रदेश में महिला खिलाड़ियों को समर्पित कोई बड़ा सरकारी संस्थान नहीं था। लोहाघाट में गर्ल्स स्पोर्ट्स कॉलेज बनने से यह कमी पूरी हो जाएगी। उन्होंने इस ऐतिहासिक फैसले के लिए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का आभार व्यक्त किया।

प्रदेश में खेलों को बढ़ावा देने के लिए सरकार लगातार प्रयासरत है। महिला स्पोर्ट्स कॉलेज का निर्माण इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है, जिससे उत्तराखंड की बेटियां खेल जगत में नई ऊंचाइयों को छू सकेंगी।

Please follow and like us:
Pin Share
RSS
Follow by Email