उत्तराखंड में अगले दो दिन मौसम के मिजाज में भारी बदलाव की चेतावनी जारी की गई है। मौसम विभाग ने 7 और 8 मई के लिए पूरे राज्य में अलर्ट जारी किया है। खासकर उत्तरकाशी जिले के लिए रेड अलर्ट जारी करते हुए भारी बारिश, बर्फबारी, बिजली गिरने और ओलावृष्टि की संभावना जताई गई है। वहीं अन्य जिलों में ऑरेंज और येलो अलर्ट घोषित किया गया है।
चारधाम यात्रा के चलते राज्य सरकार ने सतर्कता बरतने के निर्देश जारी किए हैं। यात्रा मार्गों पर भारी बारिश की स्थिति में यात्रियों को सुरक्षित स्थानों पर रोकने के निर्देश दिए गए हैं। सचिव आपदा प्रबंधन एवं पुनर्वास विनोद कुमार सुमन ने संबंधित अधिकारियों को भूस्खलन संभावित क्षेत्रों में जेसीबी और अन्य जरूरी संसाधन पहले से तैनात करने को कहा है।
राजधानी देहरादून में भी मौसम विभाग ने हल्की से मध्यम वर्षा और गर्जन के साथ आकाशीय बिजली चमकने की आशंका जताई है। मंगलवार को अधिकतम तापमान 30 डिग्री और न्यूनतम तापमान 19 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। सोमवार को अधिकतम तापमान 31.8 डिग्री और न्यूनतम 18.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया था।
पर्यटकों और यात्रियों को मौसम अपडेट पर नजर रखने और सतर्कता बरतने की सलाह दी गई है।