उत्तराखंड सरकार इस बार हरेला पर्व को खास बनाने जा रही है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में पूरे राज्य में 16 जुलाई को “हरेला का त्योहार मनाओ, धरती मां का ऋण चुकाओ” थीम पर विशेष पौधरोपण अभियान चलाया जाएगा। इस दिन एक साथ 5 लाख से अधिक पौधे लगाए जाएंगे।
इस ऐतिहासिक अभियान में गढ़वाल मंडल में 3 लाख और कुमाऊं मंडल में 2 लाख पौधे रोपने का लक्ष्य तय किया गया है। ग्रामीणों, छात्र-छात्राओं, विभागीय कर्मचारियों और आमजन की भागीदारी सुनिश्चित की जा रही है। यह कार्यक्रम प्रधानमंत्री मोदी के ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान से भी जुड़ा होगा।
इस अभियान के तहत स्कूल, कॉलेज, सरकारी परिसर, नदी-नालों के किनारे, पार्कों और गांव-शहरों में पौधे लगाए जाएंगे। मुख्यमंत्री ने सभी जिलाधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि वे इस आयोजन को सफल बनाने के लिए समन्वय करें।
यह अब तक का सबसे बड़ा पौधरोपण कार्यक्रम होगा। इससे पहले जुलाई 2016 में एक दिन में 2 लाख पौधे लगाए गए थे। इस बार का लक्ष्य उस रिकॉर्ड को पार करना है।
मुख्यमंत्री धामी ने कहा, “उत्तराखंड प्रकृति की गोद में बसा राज्य है, पर्यावरण संरक्षण हमारी जिम्मेदारी है। हरेला पर्व हमें प्रकृति के प्रति कर्तव्य निभाने की प्रेरणा देता है।”
