बंदूक की नोक पर दहेज मांगने वाला पति अब पस्त, डीएम सविन बंसल ने दिखाया सख्त एक्शन

बंदूक की नोक पर दहेज मांगने वाला पति अब पस्त, डीएम सविन बंसल ने दिखाया सख्त एक्शन


देहरादून जिलाधिकारी सविन बंसल एक बार फिर सुर्खियों में हैं—इस बार वजह बनी है एक अनूठी शिकायत, जिसमें एक महिला ने अपने पति पर बंदूक तानने और दहेज मांगने जैसे गंभीर आरोप लगाए। महिला की गुहार पर डीएम ने न सिर्फ शस्त्र लाइसेंस निलंबित किया, बल्कि बंदूक जब्त करने के भी आदेश जारी कर दिए।

पीड़िता शिखा यादव 1 अगस्त को डीएम जनता दर्शन कार्यक्रम में पहुंचीं और बताया कि उसका पति यश यादव, उसे बार-बार धमकाता है, मानसिक रूप से प्रताड़ित करता है और दहेज के लिए हथियार तक तानता है। पीड़िता ने अपनी जान और सुरक्षा को लेकर गंभीर चिंता जताई।

डीएम सविन बंसल ने मामले को गंभीरता से लेते हुए, संबंधित व्यक्ति यश यादव, निवासी मैनपुरी (उत्तर प्रदेश) और वर्तमान निवासी देहरादून के शस्त्र लाइसेंस संख्या-311, थाना नेहरू कॉलोनी को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया। साथ ही पुलिस को बंदूक जब्त करने और उसे सरकारी अभिरक्षा में रखने का निर्देश दिया।

जांच में सामने आया कि आरोपी ने शस्त्र लाइसेंस कूटरचित दस्तावेजों के आधार पर प्राप्त किया था। इस आधार पर अब लाइसेंस को अंतिम रूप से निरस्त करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। आरोपी को 15 दिन में अपना पक्ष रखने का अवसर दिया गया है।

डीएम बंसल के इस त्वरित निर्णय को नागरिकों और प्रशासन में सराहा जा रहा है। आमतौर पर लंबी प्रक्रिया वाले मामलों में जिस तरह से उन्होंने जन सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए तुरंत कार्रवाई की, वह एक मिसाल बन रही है।