देहरादून: रॉटविलर ने महिला पर किया हमला, गंभीर रूप से घायल, मालिक पर मुकदमा दर्ज

देहरादून: रॉटविलर ने महिला पर किया हमला, गंभीर रूप से घायल, मालिक पर मुकदमा दर्ज

देहरादून। राजधानी देहरादून के प्रेमनगर क्षेत्र में प्रतिबंधित रॉटविलर नस्ल के कुत्ते ने एक महिला पर हमला कर दिया। इस हमले में महिला गंभीर रूप से घायल हो गईं। घटना ओखला आमवाला बीद्यौली इलाके की बताई जा रही है। घायल महिला का अस्पताल में इलाज चल रहा है।

कैसे हुआ हमला?

जानकारी के मुताबिक, 18 सितंबर की शाम मोहिनी क्षेत्री अपनी भाभी के साथ दुकान से घर लौट रही थीं। रास्ते में अचानक बिना पट्टे के घूम रहे रॉटविलर ने उन पर हमला कर दिया। इस दौरान कुत्ते का मालिक मौके पर मौजूद नहीं था।

हमले में महिला के सिर और हाथ पर गहरी चोटें आईं। उनकी चीख-पुकार सुनकर भाभी ने गांव वालों को बुलाया। ग्रामीणों ने मौके पर पहुंचकर किसी तरह कुत्ते को वहां से भगाया।

मालिक पर मुकदमा दर्ज

घटना की जानकारी मिलते ही थाना प्रेमनगर पुलिस सक्रिय हो गई। महिला की तहरीर पर कुत्ते के मालिक धूम सिंह बिष्ट के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। थाना प्रभारी कुंदन राम ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।

पहले भी हो चुके हमले

यह पहला मामला नहीं है। अगस्त माह में भी राजपुर रोड पर रॉटविलर के हमले में एक बुजुर्ग महिला गंभीर रूप से घायल हुई थीं। तब नगर निगम ने प्रतिबंधित नस्ल के कुत्तों के मालिकों पर कड़ी निगरानी और जुर्माना लगाने की संस्तुति की थी।

खतरनाक मानी जाती है नस्ल

विशेषज्ञों के अनुसार, रॉटविलर नस्ल को आक्रामक और इंसानों के लिए खतरनाक माना जाता है। कई राज्यों में इस नस्ल को पालने पर प्रतिबंध भी है। बावजूद इसके, देहरादून में इन कुत्तों को पालने का चलन जारी है।