23 अक्टूबर भैया दूज पर बंद होंगे केदारनाथ धाम के कपाट, अब तक 15.85 लाख श्रद्धालुओं ने किए दर्शन

23 अक्टूबर भैया दूज पर बंद होंगे केदारनाथ धाम के कपाट, अब तक 15.85 लाख श्रद्धालुओं ने किए दर्शन

रुद्रप्रयाग: केदारनाथ धाम के कपाट इस वर्ष 23 अक्टूबर भैया दूज के पावन पर्व पर शीतकाल हेतु विधिवत बंद कर दिए जाएंगे। अभी तक यात्रा सीजन में 15 लाख 85 हजार से अधिक श्रद्धालु बाबा केदार के दर्शन कर चुके हैं। हालांकि, यह संख्या पिछले वर्ष की तुलना में कम है, जब करीब 19 लाख श्रद्धालु धाम पहुंचे थे।

यात्रा के समापन में अब केवल 25 दिन शेष हैं। जिस गति से यात्री पहुंच रहे हैं, उसे देखते हुए अनुमान लगाया जा रहा है कि इस बार यात्रा का आंकड़ा 17 लाख तक पहुंचना भी मुश्किल हो सकता है।

मां गंगा की डोली और यमुनोत्री धाम

22 अक्टूबर की रात को मां गंगा की विग्रह डोली मार्कंडेय मंदिर में रात्रि विश्राम करेगी। 23 अक्टूबर को डोली मुखबा गांव पहुंचकर शीतकाल के लिए गंगा मंदिर में प्रतिष्ठित की जाएगी।

वहीं, यमुनोत्री धाम के कपाट भी भैया दूज (23 अक्टूबर) को बंद होंगे। इसका शुभ मुहूर्त 2 अक्टूबर विजयदशमी के दिन पंचांग के अनुसार घोषित किया जाएगा।