Top Banner
चमोली की अनीषा ने जीता गोल्ड मेडल, राष्ट्रीय रेड रन मैराथन में किया उत्तराखंड का नाम रोशन

चमोली की अनीषा ने जीता गोल्ड मेडल, राष्ट्रीय रेड रन मैराथन में किया उत्तराखंड का नाम रोशन

चमोली जनपद के नंदानगर ब्लॉक के लुन्तरा गांव की अनीषा ने उत्तराखंड का सिर गर्व से ऊंचा कर दिया है। नागालैंड के दीमापुर में आयोजित राष्ट्रीय रेड रन मैराथन 3.0 में उन्होंने महिला वर्ग की 10 किलोमीटर दौड़ में पहला स्थान हासिल किया।

यह प्रतियोगिता राष्ट्रीय एड्स नियंत्रण संगठन (NACO) द्वारा आयोजित की गई थी, जिसमें देशभर के कई राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों से सैकड़ों धावकों ने भाग लिया। अनीशा ने अपने दृढ़ संकल्प, आत्मविश्वास और फिटनेस के दम पर सभी को पीछे छोड़ते हुए स्वर्ण पदक जीता।

भारत सरकार के स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय की ओर से उन्हें ₹50,000 की पुरस्कार राशि, गोल्ड मेडल और प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।

राज्य स्तर से शुरू हुई सफलता की कहानी

अनीशा ने पहले उत्तराखंड राज्य एड्स नियंत्रण समिति (यूसेक्स) द्वारा आयोजित राज्य स्तरीय रेड रन 3.0 में 5 किलोमीटर दौड़ में पहला स्थान प्राप्त किया था। इसी प्रदर्शन के आधार पर उन्हें राष्ट्रीय स्तर पर उत्तराखंड का प्रतिनिधित्व करने का मौका मिला, जहां उन्होंने अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया।

अधिकारियों ने दी बधाई

राज्य के सचिव, चिकित्सा स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा/परियोजना निदेशक डॉ. आर. राजेश कुमार ने अनीशा को बधाई देते हुए कहा कि यह उपलब्धि पूरे उत्तराखंड के लिए गर्व की बात है। उन्होंने कहा कि प्रदेश की बेटियां हर क्षेत्र में अपने परिश्रम से राज्य का नाम रोशन कर रही हैं।

टीम उत्तराखंड भी रही साथ

दीमापुर में आयोजित इस राष्ट्रीय आयोजन में उत्तराखंड राज्य एड्स नियंत्रण समिति की टीम भी मौजूद रही। टीम में उप निदेशक वित्त महेंद्र कुमार, अनिल सती, मुकेश चिन्याला, विनोद कुमार और नोडल अधिकारी हेमंत सिंह कंडारी शामिल थे। सभी ने अनीशा को प्रोत्साहित किया और उनकी इस शानदार उपलब्धि पर गर्व व्यक्त किया।