रुड़की में साइबर ठगी का बड़ा मामला, गूगल पर डॉक्टर का नंबर खोजने पर उड़ा दिए 1 लाख रुपए

रुड़की में साइबर ठगी का बड़ा मामला, गूगल पर डॉक्टर का नंबर खोजने पर उड़ा दिए 1 लाख रुपए

रुड़की: हरिद्वार जनपद के रुड़की में साइबर ठगों ने एक व्यक्ति की मां के बैंक खाते से 1 लाख रुपये उड़ाकर बड़ी धोखाधड़ी को अंजाम दिया। वारदात उस समय हुई, जब पीड़ित ने गूगल पर एक डॉक्टर का नंबर खोजकर कॉल किया और उसके बाद फोन पर भेजे गए लिंक से एक फर्जी एप डाउनलोड किया।

गूगल से नंबर खोजने के बाद शुरू हुआ खेल

रुड़की के पिरान कलियर थाना क्षेत्र के बाजुहेड़ी गांव निवासी जितेंद्र ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उन्होंने गूगल पर रुड़की के एक नामी डॉक्टर का मोबाइल नंबर खोजा और उसी नंबर पर कॉल किया। कॉल रिसीव करने वाले ने खुद को डॉक्टर का सहायक बताया और बातचीत के दौरान व्हाट्सएप पर एक एप डाउनलोड करने का लिंक भेजा।

एप डाउनलोड करते ही हैक हुआ मोबाइल नंबर

जितेंद्र ने जैसे ही लिंक पर क्लिक कर एप डाउनलोड किया, उनका मोबाइल नंबर हैक हो गया। यह वही नंबर था जो उनकी मां के रुड़की सिविल लाइंस स्थित बैंक खाते से जुड़ा था। मोबाइल नंबर पर नियंत्रण मिलते ही साइबर ठगों ने खाते से दो यूपीआई ट्रांजैक्शन के जरिए 50-50 हजार रुपये निकालकर कुल 1 लाख रुपए उड़ा लिए।

पीड़ित ने बैंक और पुलिस को दी जानकारी

घटना का पता चलते ही पीड़ित ने तुरंत बैंक को सूचना दी। बैंक अधिकारियों ने इसे गंभीर साइबर धोखाधड़ी बताते हुए खाते को तुरंत अस्थायी तौर पर सुरक्षित किया। इसके बाद पीड़ित ने कलियर थाना पुलिस में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की।

मुकदमा दर्ज, पुलिस कर रही तकनीकी जांच

पिरान कलियर थानाध्यक्ष रविंद्र कुमार ने बताया कि तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस कॉल नंबर, यूपीआई ट्रांजैक्शन तथा एप लिंक की तकनीकी जांच कर रही है।

“धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।”रविंद्र कुमार, थानाध्यक्ष, पिरान कलियर

Please follow and like us:
Pin Share
RSS
Follow by Email