बहन की जान बचाने के लिए कोबरा से भिड़ा भाई, तीन बार डंसने के बाद इलाज के दौरान मौत

बहन की जान बचाने के लिए कोबरा से भिड़ा भाई, तीन बार डंसने के बाद इलाज के दौरान मौत

छिंदवाड़ा (मध्य प्रदेश): छिंदवाड़ा जिले के जुन्नारदेव क्षेत्र अंतर्गत डुंगरिया ग्राम पंचायत में शुक्रवार सुबह एक हृदयविदारक घटना सामने आई, जहां बहन की जान बचाने के प्रयास में एक युवक को अपनी जान गंवानी पड़ी। घर की छत से अचानक गिरे जहरीले कोबरा सांप को नंगे हाथ से पकड़कर बाहर फेंकते समय युवक को सांप ने कई बार डंस लिया। गंभीर हालत में अस्पताल ले जाने पर इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

जानकारी के अनुसार, डुंगरिया निवासी सुरेश बर्मन के पुत्र राकेश बर्मन उर्फ बल्लू शुक्रवार सुबह करीब 7 बजे घर में मौजूद थे। इसी दौरान अचानक छत से एक भयंकर कोबरा सांप नीचे गिर पड़ा, जो उनकी छोटी बहन के ऊपर आ गया। बहन की चीख सुनते ही राकेश मौके पर पहुंचे और बिना अपनी जान की परवाह किए सांप को नंगे हाथ से पकड़कर बाहर फेंकने लगे। इसी दौरान कोबरा ने राकेश को हाथ और पेट में तीन से चार बार डंस लिया।

घटना के बाद परिजनों ने तत्काल सर्प मित्र को सूचना दी, जिन्होंने कड़ी मशक्कत के बाद कोबरा सांप को सुरक्षित पकड़ लिया। वहीं, राकेश की हालत तेजी से बिगड़ने लगी। उन्हें पहले जुन्नारदेव सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर देखते हुए छिंदवाड़ा जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।

छिंदवाड़ा जिला अस्पताल में इलाज के दौरान राकेश बर्मन की मौत हो गई। युवक की मौत से पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई। परिजनों और ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि यदि समय पर सांप के जहर को निष्क्रिय करने वाला एंटी वेनम उपलब्ध कराया जाता, तो राकेश की जान बचाई जा सकती थी।

ग्रामीणों ने जुन्नारदेव अस्पताल में इलाज के दौरान लापरवाही का आरोप लगाते हुए पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है। फिलहाल प्रशासन की ओर से इस मामले में किसी आधिकारिक बयान की प्रतीक्षा की जा रही है।