देहरादून/टिहरी। उत्तराखंड के लिए गर्व की खबर सामने आई है। टिहरी जिले की बेटी मीनल नेगी ने महज 24 साल की उम्र में संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) की प्रतिष्ठित परीक्षा पास कर ऑल इंडिया रैंक 66 हासिल की है। उनकी इस सफलता से पूरे उत्तराखंड के साथ-साथ टिहरी जिले और उनके पैतृक गांव दीवाड़ा में खुशी का माहौल है।
मीनल ने देहरादून में रहकर यूपीएससी की तैयारी की और अपने प्रयासों से शानदार सफलता हासिल की। कम उम्र में मिली यह उपलब्धि प्रदेश के युवाओं के लिए प्रेरणा बन गई है। मीनल की इस सफलता से उनके परिवार में भी जश्न का माहौल है और बधाई देने वालों का तांता लगा हुआ है।
मीनल के पिता प्रीतम नेगी और माता गीता नेगी ने बेटी की पढ़ाई और तैयारी में हर कदम पर उसका साथ दिया। परिवार के सहयोग और मीनल की कड़ी मेहनत ने मिलकर यह मुकाम हासिल किया है। उनकी सफलता से गांव दीवाड़ा के लोग भी खुद को गौरवान्वित महसूस कर रहे हैं।
प्रदेशभर के लोगों ने मीनल नेगी और उनके माता-पिता को इस बड़ी उपलब्धि पर बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।