टिहरी झील: बनेगा 800 मीटर लंबा ग्लास ब्रिज, विकास व सौंदर्यीकरण के लिए 800 करोड़ रुपए का प्रस्ताव

टिहरी झील: बनेगा 800 मीटर लंबा ग्लास ब्रिज, विकास व सौंदर्यीकरण के लिए 800 करोड़ रुपए का प्रस्ताव

रेनबो न्यूज़ इंडिया * 24 जुलाई 2021  

टिहरी: टिहरी को पर्यटन के लिए संवारने की कोशिश हो रही है। टिहरी झील के ऊपर चीन के तियानमेन ग्लास ब्रिज के जैसा पुल बनाने की तैयारी है। इससे पर्यटकों को स्काई वॉक का अनुभव मिलेगा। चीन के तियानमेन का ग्लास ब्रिज दुनिया भर में प्रसिद्ध है। चीन घूमने जाने वाले पर्यटकों की ये पहली पसंद है। ऐसा ही ग्लास ब्रिज टिहरी झील के ऊपर बनाने की योजना है। ये ब्रिज बनता है तो टिहरी को पर्यटन में नई ऊंचाइयां मिलेंगी। इससे राज्य का राजस्व भी बढ़ेगा। 

उत्तराखंड को केवल  देव भूमि के नाम से ही नहीं जाना जाता बल्कि यह तो प्राकृतिक सौंदर्य से भरपूर नदियों, झरनों और औषधीय जड़ी बूटियों से युक्त पर्वतों की भूमि भी है। पुराना टिहरी शहर भागीरथी और भिलंगना के संगम तट  (गणेश प्रयाग) पर स्थित एक छोटा सा शहर था। एशिया के सबसे बड़े बांध के निर्माण के फल स्वरुप पुराना टिहरी शहर पानी में डूब गया तथा झील के रूप में परिवर्तित हो गया। बाँध के रूप में टिहरी शहर को डूबा कर बनी इस झील को श्री देव सुमन सागर नाम दिया गया हैं। पुराने टिहरी शहर को विस्थापित करके नई टिहरी शहर को बसाया गया है।

राज्य सरकार ने टिहरी झील को साहसिक पर्यटन केंद्र के रूप में परिवर्तित करने का निर्णय लिया है। उत्तराखंड सरकार टिहरी के निवासियों को एक अनोखी सौगात देने जा रही है। टिहरी झील पर जल्दी ही एक पारदर्शी ग्लास ब्रिज का निर्माण होने जा रहा है। 

केंद्र सरकार की महत्वाकांक्षी टिहरी झील समग्र विकास योजना के तहत झील का विकास हो रहा है और पर्यटन के लिहाज से कई कार्यों का किया जाना तय हुआ है।

जिला पर्यटन अधिकारी ने जानकारी देते हुए बताया कि टिहरी झील के विकास के लिए 800 करोड़ रुपए की लागत से विकास कार्य किए जाएंगे। इसी के तहत मदन नेगी से धारकोट के बीच 800 मीटर लंबे ग्लास ब्रिज का निर्माण होगा। धारकोट पहुंचने के बाद 6 किलोमीटर पैदल ट्रैक से प्रतापनगर महल तक पहुंचा जाएगा। इसके अलावा झील के बीच मौजूद टापू में भगवान शिव की मूर्ति, हाट बाजार और टिहरी रोपवे आधुनिकीकरण का निर्माण कार्य केंद्र सरकार की मदद से किया जाएगा।

टिहरी झील के निर्माण की कार्यदाई संस्था वेपकोस ने टिहरी झील का निरीक्षण करके डीपीआर बनाने की तैयारी भी शुरू कर दी है। प्रताप नगर के निवासियों की सुविधा के लिए रोपवे का निर्माण भी शुरू किया जा रहा है। टिहरी जिलाधिकारी ईवा आशीष श्रीवास्तव ने बताया की ग्लास ब्रिज का निर्माण कार्य जल्द ही शुरू किया जाएगा।

यात्रा करने का सर्वोत्तम समय

टिहरी झील में घूमने का सबसे अच्छा मौसम अप्रैल, मई और जून के महीनों में रहता है। 

टिहरी झील में साहसिक खेल एवं गतिविधियाँ  

वर्तमान समय में टिहरी झील में नौका विहार सवारी, जेट स्पीड बोट सवारी, पैराग्लाइडिंग, वाटर स्कीइंग, बनाना बोट सवारी, जॉर्बिंग, बैंडवैगन वोट सवारी, हॉट एयर बैलून सवारी और हॉटडॉग सवारी आदि की सुविधाएँ शामिल है।

Please share the Post to: