देहरादून में हिंदी कार्यशाला का आयोजन, राजभाषा नियमों और ई-टूल्स पर दिया गया प्रशिक्षण

देहरादून में हिंदी कार्यशाला का आयोजन, राजभाषा नियमों और ई-टूल्स पर दिया गया प्रशिक्षण

देहरादून, 25 मार्च 2026। भाकृअनुप-भारतीय मृदा एवं जल संरक्षण संस्थान, देहरादून में राजभाषा नियमों के प्रति जागरूकता बढ़ाने और कंप्यूटर पर हिंदी के उपयोग को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से एक दिवसीय हिंदी कार्यशाला-सह-प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया।

कार्यशाला का आयोजन संस्थान के डॉ. वी.वी. ध्रुव नारायण संगोष्ठी कक्ष में दो सत्रों में किया गया, जिसमें कुल 35 प्रतिभागियों ने भाग लिया। कार्यक्रम में डॉ. सोमेश्वर पाण्डेय (वरिष्ठ राजभाषा अधिकारी) और इं. अमित चौहान (सहायक मुख्य तकनीकी अधिकारी) प्रमुख प्रशिक्षक के रूप में उपस्थित रहे।

प्रथम सत्र में डॉ. सोमेश्वर पाण्डेय ने हिंदी भाषा के विकास, संस्कृत व पाली के प्रभाव, तिमाही रिपोर्ट तथा ई-ऑफिस में हिंदी के प्रभावी उपयोग पर विस्तृत जानकारी दी। वहीं द्वितीय सत्र में इं. अमित चौहान ने कंप्यूटर पर हिंदी के आसान उपयोग, अनुवाद उपकरणों और हिंदी ई-टूल्स के प्रयोग पर प्रस्तुति दी।

इस अवसर पर प्रभारी अधिकारी (राजभाषा) श्री अनिल कुमार चौहान ने प्रतिभागियों से अधिक से अधिक सरकारी कार्य हिंदी में करने का आह्वान किया।

कार्यक्रम के अध्यक्षीय संबोधन में संस्थान के निदेशक डॉ. एम. मधु ने कहा कि राजकीय कार्यों में हिंदी के प्रगतिशील प्रयोग के लिए इस प्रकार की कार्यशालाएं अत्यंत उपयोगी हैं।

कार्यक्रम के अंत में राजभाषा अधिकारी श्री अनिल कुमार चौहान ने सभी प्रतिभागियों, प्रशिक्षकों और उपस्थित सदस्यों का धन्यवाद ज्ञापित किया।