देहरादून में तेज रफ्तार इनोवा का कहर, कई वाहनों को मारी टक्कर, एक की मौत

देहरादून में तेज रफ्तार इनोवा का कहर, कई वाहनों को मारी टक्कर, एक की मौत

देहरादून: शहर में तेज रफ्तार का खतरनाक मंजर एक बार फिर देखने को मिला। Rajpur Road से Old Survey Road तक एक बेकाबू इनोवा कार ने जमकर उत्पात मचाया। इस दौरान कार ने कई वाहनों को टक्कर मार दी, जिसमें एक व्यक्ति की मौत हो गई जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हैं।

जानकारी के अनुसार, गुरुवार शाम करीब 7:30 बजे इन्दर रोड निवासी गुनीत सिंह तेज रफ्तार में इनोवा कार (UK07DF1795) लेकर निकला। लापरवाही से वाहन चलाते हुए उसने सबसे पहले DL रोड पर एक कार को टक्कर मारी। इसके बाद आगे बढ़ते हुए एक स्कूटी और मोटरसाइकिल को भी जोरदार टक्कर मार दी।

इस हादसे में स्कूटी सवार राहुल और बाइक सवार रोहित फिलिप्स (48 वर्ष) व उनके पुत्र अनुज फिलिप्स (22 वर्ष) गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, जहां राहुल को पहले वैश्य नर्सिंग होम और फिर Max Hospital रेफर किया गया। वहीं रोहित और अनुज को Doon Hospital ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान रोहित फिलिप्स की मौत हो गई।

हादसे के बाद भी कार का कहर जारी रहा। आरोपी चालक ने सड़क किनारे खड़ी एक बाइक और स्कूटी को भी टक्कर मारी और फिर एक घर का गेट तोड़ते हुए अंदर जा घुसा। इस दौरान घर के अंदर खड़े वाहन भी क्षतिग्रस्त हो गए।

पुलिस ने आरोपी चालक गुनीत सिंह को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। मामले की जांच जारी है।