देहरादून। राजधानी देहरादून के रायपुर क्षेत्र में उस समय सनसनी फैल गई जब चुना भट्टा इलाके में एक महिला का शव बरामद हुआ। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन में हड़कंप मच गया।
जानकारी के अनुसार रायपुर क्षेत्र के चुना भट्टा के पास एक महिला का शव पड़ा मिला। स्थानीय लोगों की सूचना पर एसपी सिटी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। खबर लिखे जाने तक महिला की पहचान नहीं हो पाई है और पुलिस मृतका की शिनाख्त करने में जुटी हुई है।
प्रारंभिक जांच में मृतका के शरीर पर चोट के निशान मिलने की बात सामने आई है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार महिला का शव करीब तीन से चार दिन पुराना बताया जा रहा है। फिलहाल पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और आसपास के क्षेत्रों में पूछताछ भी की जा रही है।
11 मार्च को भी मिला था महिला का शव
गौरतलब है कि इससे पहले 11 मार्च को भी देहरादून के भाऊवाला क्षेत्र में जंगल के पास एक बोरे के अंदर से महिला का शव बरामद हुआ था। उस महिला की उम्र करीब 35 से 40 वर्ष बताई गई थी। हालांकि अब तक पुलिस उस मामले में भी आरोपियों तक नहीं पहुंच पाई है।
कुछ ही दिनों के भीतर एक बार फिर संदिग्ध परिस्थितियों में महिला का शव मिलने से इलाके में दहशत का माहौल है और पुलिस दोनों मामलों को गंभीरता से देखते हुए जांच आगे बढ़ा रही है।