मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से बुधवार को मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय में वरिष्ठ पत्रकार हेम भट्ट ने परिवार सहित भेंट की। इस दौरान उन्होंने अपने प्रकरण से जुड़े विभिन्न बिंदुओं से मुख्यमंत्री को अवगत कराया और पूरे मामले में अपना पक्ष रखा।
मुख्यमंत्री ने मामले को गंभीरता से सुनते हुए पुलिस अधिकारियों को निष्पक्ष एवं न्यायोचित कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मामले में तथ्यों के आधार पर उचित कार्रवाई करते हुए वरिष्ठ पत्रकार हेम भट्ट को न्याय दिलाना सुनिश्चित किया जाएगा।
बताया जा रहा है कि हाल ही में देहरादून पुलिस द्वारा वरिष्ठ पत्रकार हेम भट्ट को पूछताछ के लिए घर से ले जाने का मामला सामने आया था, जिसके बाद इस प्रकरण को लेकर पत्रकार संगठनों और सोशल मीडिया में काफी प्रतिक्रियाएं देखने को मिली थीं।
पुलिस की कार्रवाई को लेकर कई सवाल उठे थे और मामला राजनीतिक चर्चा का विषय भी बना रहा। इसी प्रकरण को लेकर हेम भट्ट ने मुख्यमंत्री से मुलाकात कर अपना पक्ष रखा।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि मामले की निष्पक्ष जांच कर तथ्यों के आधार पर कार्रवाई की जाए।
इस अवसर पर सूचना महानिदेशक बंशीधर तिवारी भी उपस्थित रहे।