तोताघाटी के पास बड़ा हादसा, 150 मीटर गहरी खाई में गिरा ईंटों से भरा ट्रक

तोताघाटी के पास बड़ा हादसा, 150 मीटर गहरी खाई में गिरा ईंटों से भरा ट्रक

देवप्रयाग। ऋषिकेश-बदरीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग पर तोताघाटी के पास मंगलवार देर रात बड़ा सड़क हादसा हो गया। ईंटों से भरा एक ट्रक अनियंत्रित होकर तीन पैराफिट तोड़ते हुए करीब 150 मीटर गहरी खाई में जा गिरा। हादसे में चालक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे पुलिस और एसडीआरएफ की टीम ने देर रात रेस्क्यू कर एम्स ऋषिकेश पहुंचाया।

जानकारी के अनुसार हादसा रात करीब 11 बजे महादेव चट्टी (तोताघाटी) क्षेत्र में हुआ। गर्तांगली ढाबे के संचालक सुमित ने घटना की सूचना पुलिस कंट्रोल रूम 112 को दी। सूचना मिलते ही देवप्रयाग कोतवाली और बछेलीखाल चौकी पुलिस आपदा उपकरणों के साथ मौके पर पहुंची। वहीं एसडीआरएफ की टीम भी एसआई सावर सिंह के नेतृत्व में राहत एवं बचाव कार्य में जुट गई।

स्थानीय लोगों के अनुसार ट्रक ऋषिकेश से हेलंग (चमोली) की ओर जा रहा था। इसी दौरान तोताघाटी के पास वाहन अचानक अनियंत्रित हो गया और सड़क किनारे बने पैराफिट तोड़कर गहरी खाई में जा गिरा। सड़क पर मिले टायरों के निशानों से पता चला कि ट्रक विपरीत दिशा में मुड़ गया था।

अंधेरे और गहरी खाई के कारण रेस्क्यू अभियान काफी चुनौतीपूर्ण रहा। करीब रात दो बजे पुलिस और एसडीआरएफ की टीम ने घायल चालक को सुरक्षित बाहर निकाला। घायल चालक की पहचान अजय क्षेत्री (24) के रूप में हुई है, जिसके हाथ और दोनों पैरों में गंभीर चोटें आई हैं।

कोतवाल प्रमोद बहुगुणा ने बताया कि घायल चालक को 108 एंबुलेंस से एम्स ऋषिकेश भेजा गया है। ट्रक मालिक और चालक के परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है। फिलहाल हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।