मुरादाबाद। Moradabad के टीएमयू अस्पताल में एक बेहद दुर्लभ और चुनौतीपूर्ण प्रसव का सफल मामला सामने आया है। संभल जिले की रहने वाली 31 वर्षीय अमीना ने पांच दिनों के भीतर चार बच्चों को जन्म दिया। खास बात यह रही कि सभी डिलीवरी सामान्य प्रसव के जरिए कराई गईं।
जानकारी के अनुसार अमीना को 8 मई को प्रसव पीड़ा होने पर अस्पताल में भर्ती कराया गया था। इसके बाद 9 मई को उन्होंने एक बेटे को जन्म दिया, जिसका वजन करीब 710 ग्राम था। डॉक्टरों ने उस समय बाकी भ्रूणों की डिलीवरी रोक दी, क्योंकि गर्भावस्था लगभग साढ़े छह से सात महीने की थी।
करीब पांच दिन बाद 14 मई को अमीना को फिर प्रसव पीड़ा हुई, जिसके बाद उन्होंने एक बेटे और दो बेटियों को जन्म दिया। इस तरह पांच दिनों में चार बच्चों का जन्म हुआ।
डॉक्टरों के मुताबिक यह मामला मेडिकल साइंस के लिहाज से बेहद जटिल था। गर्भ में चार भ्रूण होने के साथ-साथ अमीना को ब्लड प्रेशर और लीवर से जुड़ी समस्याएं भी थीं। चारों बच्चे अलग-अलग थैली में विकसित हो रहे थे, जिससे केस और अधिक संवेदनशील बन गया था।
अस्पताल की विशेषज्ञ टीम ने लगातार निगरानी रखते हुए बिना ऑपरेशन के सफल डिलीवरी कराई। डॉक्टरों ने इसे आधुनिक चिकित्सा प्रबंधन और टीमवर्क की बड़ी उपलब्धि बताया है। फिलहाल मां और चारों बच्चे डॉक्टरों की निगरानी में हैं और उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है।