देहरादून। Dehradun में वाहन चेकिंग अभियान के दौरान कैंट पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक स्कॉर्पियो वाहन से करीब 1.55 करोड़ रुपये की नकदी बरामद की है। नकदी को वाहन में बनाए गए सीक्रेट केबिन में छिपाकर रखा गया था। मामले में गुजरात के तीन लोगों को हिरासत में लिया गया है, जबकि आयकर विभाग पूरे मामले की जांच में जुट गया है।
जानकारी के अनुसार कैंट पुलिस राजेंद्र नगर कौलागढ़ क्षेत्र में सिरमौर मार्ग पर वाहन चेकिंग अभियान चला रही थी। इसी दौरान महाराष्ट्र नंबर की एक संदिग्ध स्कॉर्पियो को रोककर तलाशी ली गई। पूछताछ में चालक ने अपना नाम सतीश भाई निवासी मेहसाणा, गुजरात बताया। उसके साथ जसवंत संघ बनाजी निवासी पाटन और सचिन पटेल निवासी विसनगर, गुजरात भी वाहन में सवार थे।
पुलिस के मुताबिक दस्तावेज मांगने पर चालक घबरा गया और गोलमोल जवाब देने लगा। शक होने पर सख्ती से पूछताछ की गई, जिसके बाद उसने वाहन में भारी मात्रा में नकदी छिपाने की बात कबूल कर ली। चालक ने बताया कि गाड़ी की सीटों के बीच एक गुप्त केबिन बनाया गया है, जिसमें कैश रखा गया था।
सूचना मिलते ही आयकर विभाग की टीम मौके पर पहुंची। अधिकारियों की मौजूदगी में वाहन की तलाशी लेने पर सीक्रेट केबिन से करीब 1.55 करोड़ रुपये नकद बरामद हुए। वाहन सवार कोई वैध दस्तावेज पेश नहीं कर सके, जिसके बाद रकम को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी गई।
प्रारंभिक पूछताछ में चालक ने बताया कि नकदी बनारस से लाई गई थी और उसे जसवंत को सौंपा जाना था। हालांकि इतनी बड़ी रकम का इस्तेमाल कहां होना था और इसके पीछे कौन लोग शामिल हैं, इसकी जांच जारी है।
पुलिस ने स्कॉर्पियो वाहन को सीज कर दिया है, जबकि आयकर विभाग ने तीनों आरोपियों के बयान दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।