उत्तराखंड में नर्सिंग और पैरामेडिकल प्रवेश परीक्षा 2026 के लिए आवेदन शुरू…

उत्तराखंड में नर्सिंग और पैरामेडिकल प्रवेश परीक्षा 2026 के लिए आवेदन शुरू…

देहरादून। प्रदेश के युवाओं के लिए अच्छी खबर है। एचएनबी उत्तराखंड चिकित्सा शिक्षा विश्वविद्यालय ने नर्सिंग एवं पैरामेडिकल प्रवेश परीक्षा 2026 के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया शुरू कर दी है। विश्वविद्यालय से संबद्ध सभी राजकीय और निजी नर्सिंग तथा पैरामेडिकल संस्थानों में विभिन्न पाठ्यक्रमों में प्रवेश इसी परीक्षा के माध्यम से होगा।

विश्वविद्यालय की ओर से जारी अधिसूचना के अनुसार अभ्यर्थी 5 जून 2026 को दोपहर 2 बजे तक विश्वविद्यालय की आधिकारिक वेबसाइट पर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। आवेदन पत्र भरने और शुल्क जमा करने की पूरी प्रक्रिया ऑनलाइन रखी गई है।

कॉमन प्रवेश परीक्षा और एकीकृत काउंसलिंग व्यवस्था लागू
इस वर्ष से राज्य में नर्सिंग और पैरामेडिकल पाठ्यक्रमों में प्रवेश के लिए कॉमन प्रवेश परीक्षा और एकीकृत काउंसलिंग व्यवस्था लागू की गई है। इसके तहत सभी संस्थानों में एक समान प्रक्रिया के माध्यम से प्रवेश दिए जाएंगे। विश्वविद्यालय प्रशासन के अनुसार प्रवेश पत्र 8 जून 2026 को दोपहर 2 बजे से डाउनलोड किए जा सकेंगे।

इन पाठ्यक्रमों में मिलेगा प्रवेश
प्रवेश परीक्षा के माध्यम से एएनएम, जीएनएम, बीएससी नर्सिंग, पोस्ट बेसिक बीएससी नर्सिंग, एमएससी नर्सिंग, एनपीसीसी, बीएससी पैरामेडिकल और एमएससी पैरामेडिकल पाठ्यक्रमों में दाखिला दिया जाएगा।

ऐसा रहेगा परीक्षा कार्यक्रम
13 जून 2026 (शनिवार) को पहली पाली सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक बीएससी नर्सिंग की परीक्षा आयोजित होगी। दूसरी पाली दोपहर 2:30 बजे से शाम 4:30 बजे तक जीएनएम और पोस्ट बेसिक बीएससी नर्सिंग की परीक्षा होगी।

वहीं 14 जून 2026 (रविवार) को पहली पाली में सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक एएनएम, एमएससी नर्सिंग और एनपीसीसी की परीक्षा आयोजित की जाएगी। दूसरी पाली दोपहर 2:30 बजे से शाम 4:30 बजे तक बीएससी पैरामेडिकल और एमएससी पैरामेडिकल की परीक्षा होगी।


इन शहरों में बनाए गए परीक्षा केंद्र
परीक्षा के लिए देहरादून, श्रीनगर (पौड़ी गढ़वाल), नई टिहरी, हल्द्वानी, पिथौरागढ़, हरिद्वार, गोपेश्वर, उत्तरकाशी, चंपावत, ऊधमसिंह नगर, अल्मोड़ा, बागेश्वर और रुद्रप्रयाग में परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं।