रामनगर–देहरादून सीधी ट्रेन सेवा को मिली मंजूरी, जल्द शुरू होगा संचालन

रामनगर–देहरादून सीधी ट्रेन सेवा को मिली मंजूरी, जल्द शुरू होगा संचालन

पौड़ी। उत्तराखंड में रेल कनेक्टिविटी को मजबूत करने की दिशा में एक बड़ी पहल सामने आई है। गढ़वाल लोकसभा क्षेत्र से सांसद अनिल बलूनी ने रामनगर को देहरादून से जोड़ने के लिए नई रेल सेवा शुरू कराने की दिशा में अहम कदम उठाए हैं।

जानकारी के अनुसार, सांसद ने इस संबंध में रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव से मुलाकात कर रामनगर–देहरादून के बीच सीधी ट्रेन सेवा शुरू करने का प्रस्ताव रखा था, जिसे अब स्वीकृति मिल चुकी है। बताया जा रहा है कि इस नई रेल सेवा की शुरुआत जल्द होने की संभावना है।

इस ट्रेन के शुरू होने से कुमाऊं और गढ़वाल क्षेत्र के बीच यात्रा करने वाले यात्रियों को बड़ी राहत मिलेगी। साथ ही समय की बचत होगी और आवागमन पहले से अधिक आसान हो जाएगा। यह कदम पर्यटन, व्यापार और स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी मजबूती देने में महत्वपूर्ण साबित हो सकता है।

इसके अलावा रामनगर के पीरूमदारा क्षेत्र के लिए भी राहत भरी खबर है। संपर्क क्रांति एक्सप्रेस का ठहराव यहां शुरू कर दिया गया है, जिससे स्थानीय लोगों को यात्रा में सुविधा मिल रही है।

सांसद अनिल बलूनी ने इस उपलब्धि पर क्षेत्रवासियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि वे क्षेत्र के विकास और बेहतर सुविधाओं के लिए लगातार प्रयासरत रहेंगे। नई रेल सेवा शुरू होने से उत्तराखंड में कनेक्टिविटी को नई दिशा मिलने की उम्मीद है।