देहरादून/देवबंद। कोटा से देहरादून आ रही नंदा देवी एक्सप्रेस को देवबंद के पास जंगल क्षेत्र में हथियारबंद बदमाशों द्वारा लूटने का प्रयास किया गया। हालांकि ट्रेन को रोका नहीं जा सका और न ही बदमाश अंदर प्रवेश कर पाए, जिससे बड़ा हादसा टल गया।
जानकारी के अनुसार घटना बुधवार तड़के करीब 3 बजे की है। ट्रेन देवबंद स्टेशन से रवाना होने के बाद स्टेशन मास्टर ने लोको पायलट को सूचना दी कि दो कोचों के बीच कुछ संदिग्ध लोग चढ़ गए हैं। इसके बाद तत्काल सभी कोच अटेंडेंट और संबंधित अधिकारियों को अलर्ट किया गया।
बताया जा रहा है कि करीब 10 हथियारबंद बदमाश कोच के बफर हिस्से में चढ़े थे और ट्रेन को रोकने का प्रयास कर रहे थे। लेकिन आधुनिक कोचों में वैक्यूम रिलीज की सुविधा नहीं होने के कारण वे ट्रेन नहीं रोक सके। वहीं सुरक्षा के तहत सभी कोचों के दरवाजे लॉक कर दिए गए, जिससे बदमाश अंदर घुसने में भी असफल रहे।
जब बदमाशों को भनक लगी कि उनकी जानकारी रेलवे कर्मचारियों को हो गई है, तो वे चलते ट्रेन से कूदकर फरार हो गए। घटना के बाद रेलवे सुरक्षा बल को मामले की जांच के निर्देश दिए गए हैं।
रेलवे अधिकारियों ने कोच अटेंडेंट के बयान दर्ज कराए हैं और उनके सहयोग से बदमाशों के स्केच तैयार किए गए हैं। स्केच के आधार पर पहचान की कोशिश की जा रही है और पुलिस की मदद से सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है।
रेलवे ने इस घटना को गंभीरता से लेते हुए उच्च स्तरीय जांच के आदेश दिए हैं और कहा है कि यात्रियों की सुरक्षा सर्वोपरि है।