गढ़वाल भ्रातृ मंडल: कार्यकारिणी में बादर सिंह रावत अध्यक्ष और दीपक सिंह नेगी महासचिव निर्वाचित

गढ़वाल भ्रातृ मंडल: कार्यकारिणी में बादर सिंह रावत अध्यक्ष और दीपक सिंह नेगी महासचिव निर्वाचित

देहरादून, 31 मई। गढ़वाल भ्रातृ मंडल संस्था, क्लेमेटटाउन की वार्षिक आम सभा एवं नई कार्यकारिणी के गठन का कार्यक्रम रविवार को संस्था भवन में उत्साहपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ। बैठक में बड़ी संख्या में उपस्थित सदस्यों ने संस्था के विकास, सामाजिक सरोकारों और भविष्य की कार्ययोजनाओं पर अपने विचार रखे।

कार्यकारिणी के गठन हेतु अध्यक्ष एवं महासचिव पद के चुनाव की प्रक्रिया पारदर्शी तरीके से संपन्न कराई गई। अध्यक्ष पद के चयन के लिए गठित जूरी समिति में आर.सी.एस. रावत, जी.एस. भंडारी, आलम सिंह भंडारी तथा सुंदर लाल सेमवाल ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

अध्यक्ष पद के लिए ओम प्रकाश बहुगुणा एवं बादर सिंह रावत के नाम प्रस्तावित किए गए। मतदान प्रक्रिया पूर्ण होने के बाद घोषित परिणामों में बादर सिंह रावत को 29 मत प्राप्त हुए, जबकि ओम प्रकाश बहुगुणा को 23 मत मिले। इसके साथ ही बादर सिंह रावत गढ़वाल भ्रातृ मंडल के नव-निर्वाचित अध्यक्ष घोषित किए गए।

वहीं महासचिव पद के लिए दीपक नेगी को पुनः निर्विरोध निर्वाचित किया गया। उनके निर्विरोध चयन पर उपस्थित सदस्यों ने हर्ष व्यक्त करते हुए उन्हें बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।

बैठक में उपस्थित सभी सम्मानित सदस्यों ने नव-निर्वाचित अध्यक्ष, महासचिव एवं नई कार्यकारिणी का अभिनंदन करते हुए विश्वास व्यक्त किया कि उनके नेतृत्व में संस्था सामाजिक, सांस्कृतिक एवं जनहित के कार्यों में नई उपलब्धियां हासिल करेगी।

नवनिर्वाचित अध्यक्ष बादर सिंह रावत को बधाई देते हुए वक्ताओं ने कहा कि उनका शांत, सरल एवं मृदुभाषी व्यक्तित्व, सभी को साथ लेकर चलने की कार्यशैली तथा संगठनात्मक अनुभव संस्था को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। उन्होंने विगत वर्षों में संस्था के विभिन्न पदों पर रहते हुए अपने दायित्वों का सफलतापूर्वक निर्वहन किया है।

इस अवसर पर बादर सिंह रावत ने सभी पूर्व एवं वर्तमान पदाधिकारियों तथा सदस्यों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वार्षिक आम सभा, आय-व्यय बैठक एवं नई कार्यकारिणी के गठन में सभी सदस्यों ने अनुशासित एवं मर्यादित तरीके से सहभागिता निभाई, जिसके लिए वे सभी के प्रति हार्दिक धन्यवाद एवं कृतज्ञता व्यक्त करते हैं।

कार्यक्रम का समापन नव-निर्वाचित पदाधिकारियों को शुभकामनाओं एवं संस्था के उज्ज्वल भविष्य की कामना के साथ हुआ।