देहरादून। मसूरी-देहरादून विकास प्राधिकरण (एमडीडीए) ने अवैध निर्माण और अनधिकृत विकास कार्यों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए सुभाष नगर क्षेत्र में एक निर्माण कार्य को सील कर दिया। यह कार्रवाई प्राधिकरण द्वारा चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत की गई।
एमडीडीए के अनुसार पंत मार्ग, सुभाष नगर निवासी सविता गहलोत द्वारा स्वीकृत मानचित्र से अलग निर्माण कराया जा रहा था। जांच में सामने आया कि दो अलग-अलग नक्शों को जोड़कर नियमों के विपरीत निर्माण कार्य किया जा रहा था, जो भवन उपविधियों का उल्लंघन है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए संयुक्त सचिव प्रत्यूष सिंह के निर्देश पर सहायक अभियंता निशांत कुकरेती, अवर अभियंता नेहा और सुपरवाइजर की टीम ने मौके पर पहुंचकर निर्माण कार्य को सील कर दिया। कार्रवाई के दौरान निर्माण स्थल के दस्तावेजों की भी जांच की गई।
एमडीडीए ने स्पष्ट किया कि बिना अनुमति या स्वीकृत मानचित्र से अलग निर्माण किसी भी हालत में स्वीकार नहीं किया जाएगा। प्राधिकरण ने लोगों से बिना ले-आउट स्वीकृति वाली कॉलोनियों और संपत्तियों में निवेश न करने की अपील की है।
एमडीडीए उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी ने कहा कि अवैध प्लॉटिंग, अनधिकृत कॉलोनियों और नियम विरुद्ध निर्माण के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। वहीं सचिव मोहन सिंह बर्निया ने कहा कि संपत्ति खरीदने से पहले उसकी वैधानिक स्थिति की जांच अवश्य कर लेनी चाहिए, ताकि भविष्य में कानूनी और आर्थिक नुकसान से बचा जा सके।