उत्तराखंड में गर्मी से मिलेगी राहत, कई जिलों में बारिश-ओलावृष्टि और तेज हवाओं का अलर्ट जारी
देहरादून। उत्तराखंड में भीषण गर्मी से जल्द राहत मिलने के संकेत हैं। भारत मौसम विज्ञान विभाग, देहरादून की ओर से जारी पूर्वानुमान के अनुसार आगामी दिनों में प्रदेश के कई जिलों में बारिश, तेज हवाएं, गर्जन, आकाशीय बिजली और ओलावृष्टि की संभावना जताई गई है।
मौसम विभाग ने 28 मई के लिए उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इन क्षेत्रों में कहीं-कहीं गर्जन के साथ आकाशीय बिजली चमकने, ओलावृष्टि होने तथा 40–50 किमी प्रति घंटा से बढ़कर 60 किमी प्रति घंटा तक तेज हवाएं चलने की संभावना है। वहीं प्रदेश के अन्य जिलों में भी तेज हवाओं और बिजली चमकने की चेतावनी दी गई है।
इसके अलावा 29 मई 2026 को उत्तरकाशी, देहरादून, टिहरी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ में भी ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। इन जिलों में तेज हवाओं के साथ ओलावृष्टि और आकाशीय बिजली गिरने की आशंका जताई गई है। साथ ही देहरादून, उत्तरकाशी, टिहरी, रुद्रप्रयाग और चमोली में कहीं-कहीं भारी बारिश होने की संभावना भी व्यक्त की गई है।
मौसम विभाग ने 30 और 31 मई के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र ने संबंधित जिलों को सतर्क रहने, संवेदनशील क्षेत्रों में निगरानी बढ़ाने और आपदा प्रबंधन से जुड़े संसाधनों को तैयार रखने के निर्देश दिए हैं।
सचिव आपदा प्रबंधन एवं पुनर्वास विनोद कुमार सुमन ने प्रदेशवासियों से अपील की है कि खराब मौसम के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचें, खुले स्थानों और कमजोर संरचनाओं से दूर रहें तथा प्रशासन और मौसम विभाग की सलाह का पालन करें।