देहरादून: टर्नर रोड के कई मेडिकल स्टोरों पर छापा, कार्रवाई के दौरान शटर बंद कर भागे कई दुकानदार

देहरादून: टर्नर रोड के कई मेडिकल स्टोरों पर छापा, कार्रवाई के दौरान शटर बंद कर भागे कई दुकानदार

देहरादून। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की टीम ने गुरुवार को टर्नर रोड क्षेत्र में मेडिकल स्टोरों पर छापेमारी कर बड़ी कार्रवाई की। जांच के दौरान नियमों के उल्लंघन, रिकॉर्ड में गड़बड़ी और एक्सपायरी दवाएं बेचने के आरोप में तीन मेडिकल स्टोरों को तत्काल प्रभाव से सील कर दिया गया। कार्रवाई के दौरान कुछ दुकानदार शटर बंद कर मौके से निकल गए।

टीम ने ग्रीन मेडिकोज, वेलनेस मेडिकोज और श्री गणेश मेडिकल स्टोर का निरीक्षण किया, जहां कई गंभीर अनियमितताएं सामने आईं।

जांच में ग्रीन मेडिकोज में स्टोर संचालक और फार्मासिस्ट दोनों अनुपस्थित मिले। यहां एक्सपायरी दवाओं की बिक्री होने के साथ नारकोटिक्स रजिस्टर में भी अनियमितताएं पाई गईं। परिसर में साफ-सफाई की स्थिति भी खराब मिली, जिसके बाद स्टोर को बंद कर सील कर दिया गया।

वहीं वेलनेस मेडिकोज में भी फार्मासिस्ट और मालिक मौके पर मौजूद नहीं मिले। जांच के दौरान एक्सपायरी दवाएं, नारकोटिक्स दवाओं से जुड़े बिलों का अभाव और रिकॉर्ड में कई खामियां सामने आने पर दवा बिक्री पर रोक लगा दी गई।

इसके अलावा श्री गणेश मेडिकल स्टोर में भी गंदगी और रजिस्टर संबंधी अनियमितताएं मिलीं। साथ ही “नो रिटर्न ओनली एक्सचेंज” और “10 प्रतिशत डिस्काउंट” जैसे प्रचार नियमों के अनुरूप नहीं पाए गए। इसके बाद स्टोर संचालन बंद कर प्रबंधन से स्पष्टीकरण मांगा गया है।

इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र के मेडिकल कारोबारियों में हड़कंप की स्थिति देखी गई।