देहरादून: दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे पर सफर करने वाले यात्रियों के लिए महत्वपूर्ण सूचना है। 22 मई से 8 जून तक एक्सप्रेसवे के गणेशपुर से डाटकाली मंदिर के बीच लगभग 12 किलोमीटर एलिवेटेड रोड पर यातायात व्यवस्था में अस्थायी बदलाव किया गया है।
भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) की ओर से संभावित भूस्खलन और पहाड़ी क्षेत्रों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए ढलान स्थिरीकरण और सुरक्षा कार्य शुरू किया जा रहा है। इसी कारण इस अवधि में ट्रैफिक डायवर्ट किया जाएगा।
देहरादून से दिल्ली की ओर जाने वाले वाहनों को मोहंड के पुराने मार्ग से भेजा जाएगा। वहीं दिल्ली से देहरादून आने वाले वाहनों को निर्धारित हिस्से में लेन परिवर्तन कर दायीं ओर से गुजरना होगा।
एनएचएआई के अनुसार, मानसून से पहले संवेदनशील पहाड़ी क्षेत्रों में सुरक्षा कार्य किए जा रहे हैं। इसके तहत पहाड़ियों की स्केलिंग, ढीले पत्थरों और मलबे को हटाने के साथ जियो जूट और सॉइल नेलिंग तकनीक के जरिए ढलानों को मजबूत किया जाएगा।
कार्य के दौरान लगभग 1.25 किलोमीटर हिस्से में यातायात प्रभावित रहेगा, जबकि शेष मार्ग सामान्य रूप से संचालित होगा। यात्रियों की सुविधा और सुरक्षा के लिए मौके पर 24 घंटे फ्लैगमैन तैनात किए जाएंगे।
प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि यात्रा के दौरान अतिरिक्त समय लेकर निकलें, गति सीमा का पालन करें और मार्ग पर तैनात कर्मचारियों के निर्देशों का पालन करें ताकि यातायात सुरक्षित और सुचारु बना रहे।