UKPSC मित्र एप लॉन्च, अब मोबाइल पर मिलेंगे भर्ती, एडमिट कार्ड और रिजल्ट के अपडेट

UKPSC मित्र एप लॉन्च, अब मोबाइल पर मिलेंगे भर्ती, एडमिट कार्ड और रिजल्ट के अपडेट

देहरादून। उत्तराखंड लोक सेवा आयोग (UKPSC) ने प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे अभ्यर्थियों की सुविधा के लिए ‘यूकेपीएससी मित्र’ नाम से नया मोबाइल एप लॉन्च किया है। आयोग का दावा है कि इस एप के जरिए भर्ती और परीक्षाओं से जुड़ी सभी महत्वपूर्ण जानकारियां अब अभ्यर्थियों तक पहले से अधिक तेजी और पारदर्शिता के साथ पहुंच सकेंगी।


अब तक आयोग की ओर से परीक्षा कार्यक्रम, प्रवेश पत्र, परिणाम और अन्य सूचनाएं केवल आधिकारिक वेबसाइट पर जारी की जाती थीं, जिसके कारण कई अभ्यर्थियों को समय पर अपडेट नहीं मिल पाते थे। इसी समस्या को दूर करने के लिए आयोग ने यह नई डिजिटल पहल शुरू की है।

‘यूकेपीएससी मित्र’ एप के माध्यम से अभ्यर्थी परीक्षा तिथि, एडमिट कार्ड जारी होने, परिणाम, साक्षात्कार और भर्ती प्रक्रियाओं से जुड़ी अन्य जरूरी जानकारियां सीधे अपने मोबाइल पर प्राप्त कर सकेंगे। आयोग की ओर से जारी हर महत्वपूर्ण सूचना नोटिफिकेशन के जरिए अभ्यर्थियों तक पहुंचेगी।

आयोग सचिव अशोक कुमार पांडेय ने बताया कि एप में कई उपयोगी सुविधाएं दी गई हैं, जिससे भर्ती और परीक्षाओं से जुड़ी जानकारी अब पहले से ज्यादा आसानी और तेजी से उपलब्ध हो सकेगी। उन्होंने कहा कि डिजिटल माध्यमों के बढ़ते उपयोग को देखते हुए एप को यूजर फ्रेंडली बनाया गया है, ताकि अभ्यर्थी कहीं से भी और किसी भी समय भर्ती संबंधी अपडेट हासिल कर सकें।

आयोग के अनुसार एप में महत्वपूर्ण सूचनाएं वीडियो और तस्वीरों के माध्यम से भी साझा की जाएंगी, ताकि अभ्यर्थियों को जानकारी समझने में आसानी हो। आयोग का मानना है कि यह एप अभ्यर्थियों और आयोग के बीच बेहतर संवाद स्थापित करने में भी मदद करेगा।

अभ्यर्थी गूगल प्ले स्टोर से ‘यूकेपीएससी मित्र’ एप डाउनलोड कर सकते हैं।