देहरादून। उत्तराखंड में मौसम एक बार फिर करवट लेने जा रहा है। बीते दिनों हुई बारिश और ठंडी हवाओं के बाद मौसम विभाग ने राज्य के कई जिलों में भारी बारिश, तेज हवाएं, ओलावृष्टि और आकाशीय बिजली गिरने की संभावना जताई है। मौसम विज्ञान केंद्र देहरादून ने पर्वतीय और मैदानी क्षेत्रों के लिए ऑरेंज और येलो अलर्ट जारी किया है।
मौसम विभाग के अनुसार उत्तरकाशी, देहरादून, टिहरी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिलों में कहीं-कहीं गरज-चमक के साथ बारिश और ओलावृष्टि हो सकती है। इन इलाकों में 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने का अनुमान है, जो कुछ स्थानों पर 70 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती हैं।
इसके अलावा उत्तरकाशी, देहरादून, टिहरी, रुद्रप्रयाग और चमोली जिलों में भारी बारिश की संभावना को देखते हुए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। वहीं राज्य के 3800 मीटर और उससे अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी की भी संभावना जताई गई है। इससे चारधाम यात्रा मार्गों और ऊंचाई वाले इलाकों में तापमान में गिरावट दर्ज हो सकती है।
राज्य के अन्य जिलों में भी गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश, आकाशीय बिजली चमकने और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है। इन क्षेत्रों के लिए मौसम विभाग ने येलो अलर्ट जारी किया है।
राजधानी देहरादून में आसमान आमतौर पर बादलों से घिरा रहेगा और कई इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। मौसम विभाग के मुताबिक शहर का अधिकतम तापमान 34 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 22 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।
हाल के दिनों में भीषण गर्मी और हीटवेव से परेशान लोगों को बारिश के बाद राहत मिली है। गुरुवार रात हुई झमाझम बारिश से तापमान में गिरावट दर्ज की गई और मौसम सुहावना हो गया।
मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने की अपील की है। पर्वतीय क्षेत्रों में यात्रा करने वाले यात्रियों को मौसम की ताजा जानकारी लेकर ही सफर करने की सलाह दी गई है। साथ ही तेज हवाओं और आकाशीय बिजली के दौरान सुरक्षित स्थानों पर रहने को कहा गया है।