उत्तराखंड: नर्सिंग अभ्यर्थियों के लिए बड़ी खुशखबरी, UKMSSB ने 196 पदों पर निकाली भर्ती

उत्तराखंड: नर्सिंग अभ्यर्थियों के लिए बड़ी खुशखबरी, UKMSSB ने 196 पदों पर निकाली भर्ती

देहरादून। उत्तराखंड में सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे नर्सिंग अभ्यर्थियों के लिए अच्छी खबर है। उत्तराखंड चिकित्सा सेवा चयन बोर्ड (UKMSSB) ने चिकित्सा स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग के अंतर्गत नर्सिंग ऑफिसर (महिला एवं पुरुष) के 196 रिक्त पदों पर सीधी भर्ती के लिए अधिसूचना जारी कर दी है।

बोर्ड द्वारा जारी विज्ञापन के अनुसार ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया 12 जून 2026 से शुरू होगी। इच्छुक और योग्य अभ्यर्थी 2 जुलाई 2026 तक आवेदन कर सकेंगे। भर्ती प्रक्रिया समूह ‘ग’ के अंतर्गत संचालित की जाएगी।

कुल 196 पदों पर होगी भर्ती

भर्ती अभियान के तहत विभिन्न श्रेणियों में कुल 196 पद भरे जाएंगे। इनमें नर्सिंग ऑफिसर (महिला) डिप्लोमा वर्ग के 126 पद, नर्सिंग ऑफिसर (महिला) डिग्री वर्ग के 31 पद, नर्सिंग ऑफिसर (पुरुष) डिप्लोमा वर्ग के 31 पद तथा नर्सिंग ऑफिसर (पुरुष) डिग्री वर्ग के 8 पद शामिल हैं।

चयनित अभ्यर्थियों को पे-लेवल-7 के तहत 44,900 रुपये से 1,42,400 रुपये तक का वेतनमान दिया जाएगा।

आवेदन शुल्क और आयु सीमा

सामान्य एवं अन्य पिछड़ा वर्ग (ओबीसी) के अभ्यर्थियों के लिए आवेदन शुल्क 300 रुपये निर्धारित किया गया है। अन्य वर्गों के लिए शुल्क संबंधी जानकारी विस्तृत अधिसूचना में उपलब्ध है।

भर्ती के लिए न्यूनतम आयु 21 वर्ष और अधिकतम आयु 42 वर्ष निर्धारित की गई है। आरक्षित वर्ग के उम्मीदवारों को नियमानुसार आयु सीमा में छूट का लाभ मिलेगा।

शैक्षणिक योग्यता

डिप्लोमा श्रेणी के पदों के लिए उम्मीदवार के पास जनरल नर्सिंग एंड मिडवाइफरी (GNM) डिप्लोमा होना अनिवार्य है। वहीं डिग्री श्रेणी के लिए बीएससी नर्सिंग, बीएससी (ऑनर्स) नर्सिंग अथवा पोस्ट बेसिक बीएससी नर्सिंग की योग्यता निर्धारित की गई है।

महत्वपूर्ण तिथियां

  • अधिसूचना जारी : 3 जून 2026
  • ऑनलाइन आवेदन शुरू : 12 जून 2026
  • आवेदन की अंतिम तिथि : 2 जुलाई 2026 (शाम 5 बजे तक)
  • शुल्क जमा करने की अंतिम तिथि : 2 जुलाई 2026
  • आवेदन संशोधन (Correction Window) : 4 जुलाई से 7 जुलाई 2026
  • परीक्षा तिथि : बाद में घोषित की जाएगी

बोर्ड ने अभ्यर्थियों को सलाह दी है कि आवेदन करने से पहले विस्तृत भर्ती अधिसूचना का ध्यानपूर्वक अध्ययन कर लें, ताकि आवेदन प्रक्रिया के दौरान किसी प्रकार की त्रुटि न हो।